डभोई की दर्शन होटल का मालिक और मैनेजर गिरफ्तार

वडोदरा | डभोई स्थित दर्शन होटल की गटर की सफाई के दौरान सात श्रमिकों की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार से फरार होटल के मालिक समेत मैनेजर को देर रात गिरफ्तार कर लिया|
वडोदरा के डभोई स्थित दर्शन होटल में गत शुक्रवार को 7 लोगों की मौत हो गई थी| यह घटना उस समय हुई जब एक श्रमिक गटर की सफाई करते हुए वहीं ढेर हो गया| उसे बचाने के प्रयास में उतरे अन्य तीन श्रमिक भी गटर में गिर गए| बाद में होटल के तीन कर्मचारी गटर में पड़े श्रमिकों को बचाने के लिए उतरे थे| लेकिन इन तीनों की वही हालत हुई जो पहले अन्य चार श्रमिकों की हुई| सात लोगों की गटर में दम घुटने से मौत की घटना पर गुजरात समेत देशभर में कड़ी प्रतिक्रिया हुई थी| मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतकों के परिजनों को सहायता और समग्र घटना की जांच का आदेश दिया था| डभोई पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत के आधार पर होटल मालिक के खिलाफ मामला किया था| हांलाकि गिरफ्तारी से बचने के लिए होटल मालिक फरार हो गया था| मंगलवार को वडोदरा के डिप्टी कलेक्टर हिमांशु परिख ने दर्शन होटल सील कर दी| दूसरी ओर होटल मालिक हसन अब्बास की तलाश कर रही पुलिस को सफलता मिल गई| मंगलवार की रात पुलिस ने होटल मालिक हसन अब्बास समेत उसके मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया|
