डरा रहा है ‘लैला’ वाला भविष्य

अभी तक सभी देखते आए हैं कि किस तरह से बॉलीवुड और हॉलीवुड अपनी फिल्मों के जरिए भविष्य की परिकल्पनाओं को साकार करते चले आ रहे हैं, लेकिन इससे हटकर नेटफ्लिक्स पर जो 'लैला' नाम से नई सिरीज हुमा कुरैशी ला रही हैं, वह कुछ डरावनी जरुर है। दरअसल बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्में भविष्य के नाम पर सिर्फ टेक्नोलॉजी के जरिए उड़ती हुई गाड़ियों को ही दिखाती आई हैं, लेकिन 'लैला' में इस अंदाज को बदला गया है। बताया जा रहा है कि हुमा कुरैशी की इस सीरीज़ में 2047 के समय को प्रदर्शित करने की कोशिश की गई है। यह सीरीज बताती है कि अभी और तब में ज्यादा अंतर नहीं होगा, लेकिन सीरीज में जो भविष्य दिखाया गया है वह डराने वाला जरुर है। अब इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरु हो चुकी है। दरअसल लैला बताती है कि भविष्य में ऐसा कुछ होने वाला है जो सभी को हैरान करके रख देगा। महज 6 एपिसोड वाली लैला बताती है कि 2047 में पानी की सबसे ज्यादा मारा-मारी होगी। पानी के लिए भीड़ उमड़ी है, लोग लड़ रहे हैं और कुछ तो नाले का पानी पी रहे हैं। एटीएम की तरह पानी के बूथ हैं, जहां से पानी खरीदकर काम चलाया जा रहा है। इसी बीच हुमा कुरैशी, शालिनी के किरदार में पानी को गैरकानूनी तरीके से अपने घर में लाती हुई नजर आती हैं, स्वीमिंग पूल बनाती हैं, जो कि उनके परिजनों के लिए मौत का कारण बनता है। इसके साथ ही काली बारिश होना और उसका उपयोग पीने में करना भी लोगों को डराता और हैरान करता है। इसके साथ ही लैला में ताज महल विध्वंस दिखाया गया है, ठीक वैसे ही जैसे कि बाबरी मस्जिद विध्वंस 1992 में हुआ था। इसके साथ ही यह सीरीज बताती है कि भविष्य में आर्यवर्त की स्थापना होगी, इसके साथ ही हुमा कुरैशी के किरदार की शुद्धिकरण किया जाता है और शादी एक विशेष समुदाय में होती है। महिलाओं पर अत्याचार भी दिखाया गया है, वहीं ऊंची-ऊंची इमारतों को लांघते कूढ़े के ढेर भी लोगों को डराते नजर आते हैं। इस प्रकार यह सीरीज नारी शक्ति और स्वच्छता अभियान के विपरीत भविष्य में बहुत कुछ होने का कयास लगाता नजर आता है। यहां आपको बतला दें कि लैला में हुमा कुरैशी, उनकी बेटी और साउथ के सुपरस्टार सिद्धार्थ मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। देखने वाली बात यह होगी कि लोगों को डराने वाली यह लैला दर्शकों को कितनी पसंद आती है।
