डोनाल्ड ट्रंप ने दिया वाहनों के आयात की जांच का आदेश

वॉशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रकों सहित वाहनों एवं कलपुर्जों के आयात की जांच का आदेश दिया है, ताकि यह तय किया जा सके कि इनका अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर कितना असर पड़ता है। ट्रंप के निर्णय को विदेशों में बने वाहनों पर नया शुल्क लगाने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अमेरिका के वाणिज्य मंत्री विल्बर रॉस को व्यापार विस्तार अधिनियम की धारा-232 के तहत जांच शुरू करने पर विचार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आयातित कारों पर शुल्क या अन्य प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता है या नहीं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मार्च में इस्पात पर 25 प्रतिशत और एल्युमिनियम पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाते समय भी यही स्पष्टीकरण दिया था। ट्रंप ने बयान में कहा, मैंने मंत्री रॉस को ट्रक और कलपुर्जों समेत आयतित वाहनों पर धारा-232 के तहत जांच शुरू करने पर विचार करने का निर्देश दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर इनका कितना प्रभाव है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या एसयूवी, वैन और हल्के ट्रक एवं वाहनों के कलपुर्जे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। जांच के बारे में सूचित करने के लिए रॉस ने रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस को पत्र भेजा है।

Leave a Reply