तीन तलाक देने पर शौहर हुआ गिरफ्तार, बीवी ने मारपीट का लगाया आरोप

उत्तरप्रदेश (Uttar Pradesh) के मुजफ्फरनगर (Muzaffarpur) जिले में पत्नी को तीन तलाक (Triple Talaq) देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति आस मोहम्मद के परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. उन पर पीड़िता के साथ मारपीट करने का आरोप है.
पुलिस ने बताया कि महिला के मुताबिक उसका पति, उसके पति का भाई, सास, ससुर और एक अन्य रिश्तेदार उसके घर आए और उन्होंने उसकी पिटाई की. इसके बाद आस मोहम्मद ने पीड़िता को तीन तलाक दे दिया. पुलिस के अनुसार तीन तलाक की घटना 17 अगस्त को नई मंडी इलाके में हुई और आस मोहम्मद को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया. मोहम्मद पर मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम-2019 के तहत धाराएं लगाई गई हैं.
पुलिस ने बताया कि ऐसा ही एक और मामला चापर थाने के खामपुर गांव में भी सामने आया है. वहां एक व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार को तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया. गिरफ्तार किए गए व्यक्ति और उसकी बहन पर महिला को पीटने के संबंध में भी मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच जारी है. उन्होंने बताया कि दंपति की शादी सात पहले हुई थी, लेकिन कुछ महीने से महिला अपने मायके रह रही थी.
एक साथ तीन तलाक या तलाक-ए-बिद्दत को आपराधिक बनाने का कानून कुछ हफ्ते पहले ही प्रभाव में आया है. इसके मुताबिक तीन तलाक अमान्य और अवैध है. साथ ही तीन तलाक देने पर पति के लिए तीन साल की सजा का प्रावधान किया गया है.
 

Leave a Reply