तेजप्रताप यादव के बाउंसर्स की ‘दबंगई’, देवघर के रास्ते में कांवरियों को पीटा

लालू के बड़े लाल तेजप्रताप हमेशा अपनी करतूतों को लेकर चर्चा में रहते हैं लेकिन इस बार वो अपने समर्थकों की गुंडागर्दी की वजह से चर्चा में हैं. रविवार को तेजप्रताप यादव निकले तो थे भगवान भोले को जलाभिषेक करने बाबाधाम के लिए लेकिन रास्ते में उनके समर्थकों ने जमकर बवाल काटा.

दरअसल, कांवरिया पथ पर कटोरिया से आगे चानन के पास रास्ते में तेजप्रताप का काफिला जाम में फंस गया. इस दौरान उनके समर्थक जाम हटाकर दबंग अंदाज में रांग साइड से अपनी गाड़ी निकालने लगे. इस दौरान कई श्रद्धालुओं से मारपीट भी की गई. इसी जाम में न्यूज18 की गाड़ी भी फंसी थी. न्यूज18 की टीम ने जब इसका विरोध किया, तो तेजप्रताप के समर्थकों ने ड्राइवर के साथ मारपीट भी की.

इस दौरान गाड़ी में बैठी दोनों महिला रिपोर्टर्स ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो तेजप्रताप के गुंडों ने उनके साथ भी बदसलूकी की. तेजप्रताप के बदतमीज बाउंसर और बॉडीगार्ड ने तो हद ही कर दी और धमकी देने लगे. इस दौरान आधी रात को बाबाधाम के रास्ते में बीच सड़क पर काफी देर तक हंगामा मचता रहा.

हद तो तब हो गई जब तेजप्रताप के समर्थकों को श्रद्धालुओं से खचाखच भरी गाड़ियों में बैठे लोग बीजेपी के समर्थक नजर आने लगे हालांकि इस दौरान लालू के लाल तेजप्रताप ने कुछ ज्यादा ही तेजी दिखाई और न्यूज 18 के कैमरे पर नजर पड़ते ही अपनी एसी बस से उतर कर काफिले में मौजूद स्कॉर्पियो पर सवार होकर निकल लिए बावजूद इसके उनके समर्थकों और बाउंसर्स का बवाल जारी रहा वो भी पूरे दबंग अंदाज में.

Leave a Reply