थैली में 14 मोबाइल और 70 हजार दीनार रखकर लाया था गैंगस्टर कौशल, एयरपोर्ट अथॉरिटी पर उठे सवाल

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी व साजिशकर्ता गैंगस्टर कौशल को एसटीएफ ने सोमवार सुबह 4:00 बजे पालम एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर कौशल फ्लाइट से उतरने के बाद जब एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उसके हाथ में एक प्लास्टिक की थैली थी। इसमें कौशल के पासपोर्ट और मोबाइल सहित अन्य सामान थे। अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जब उसकी जांच शुरू की तो उसकी थैली में से भारतीय पासपोर्ट निकला। इस पर रद्द होने की मोहर देखकर पासपोर्ट नंबर की जब जांच की गई तो उसका रेड कॉर्नर नोटिस पाया गया।
इसके बाद अधिकारियों को पता लगा कि सामान्य सा दिखाई देने वाला व्यक्ति नरेश यादव नहीं बल्कि गैंगस्टर कौशल है। खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमें में और सुरक्षा अधिकारियों के बीच खलबली मच गई।इसके बाद अथॉरिटी ने एसटीएफ हरियाणा के आला अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

इसके बाद जब अधिकारियों ने थैले की जांच की तो उसमें से 14 मोबाइल, स्पेन का पासपोर्ट व 70 हजार दीनार बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक 70 हजार दीनार की भारतीय कीमत करीब 14 लाख रुपये है। भारी मात्रा में मिली नकदी ने एयरपोर्ट प्रशासन पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

सामान्य तौर पर आम आदमी 1.50 लाख रुपये से अधिक की राशि नकद लेकर विदेश यात्रा करे तो उसे एयरपोर्ट पर ही रोक लिया जाता है। उससे तरह-तरह के सवाल कर किए जाते हैं और सुरक्षा की दृष्टि से हर पहलू की जांच करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया होती है। ऐसे में इतनी मात्रा में नकदी लेकर दुबई से भारत तक गैंगस्टर के पहुंचने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन पर भी सवालिया निशान लग गया है।

Leave a Reply