दसवीं व बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 12 अप्रैल से

भोपाल । मप्र में माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध समस्त स्कूलों में दसवीं व बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी 12 अप्रैल से शुरू हो जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय(डीपीआइ) ने सत्र 2020-21 की नौवीं व ग्यारहवीं की वार्षिक और दसवीं व बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी घोषित कर दी है। जारी टाइमटेबल के अनुसार, दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा के पहले नौवीं व ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षा समाप्त हो जाएगी। कक्षा नौवीं व ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं 12 अप्रैल से शुरू होंगी। नौवीं की परीक्षा 27 अप्रैल और ग्यारहवीं की परीक्षा 28 अप्रैल को समाप्त होगी। नौवीं व ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षा का समय सुबह आठ से 11 बजे तक रहेगा। वहीं, दसवीं व बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा का समय दोपहर 12 से तीन बजे तक रहेगा। खास बात यह है कि दसवीं व बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा 27 अप्रैल तक चलेंगी और दो दिन बाद 30 अप्रैल से 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। किसी को भी मास्क के बगैर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सैनिटाइजर इत्यादि की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। परीक्षा कक्षों में बैठक व्यवस्था के दौरान सुरक्षित शारीरिक दूरी का भी ख्याल रखा जाएगा। उधर, मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की सत्र 2020-21 की दसवीं-बारहवीं परीक्षा में आवेदन जमा नहीं करने वाले को राज्य ओपन स्कूल बोर्ड द्वारा मौका दिया जा रहा है। डीपीआइ ने आदेश जारी किया है कि दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में आवेदन से वंचित विद्यार्थियों की निरंतरता बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 'रुक जाना नहीं' योजना के तहत दसवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए जून में विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा मंडल के जारी किए गए नए ब्लू प्रिंट के आधार पर होगी। इस बारे में डीपीआई आयुक्त् जयश्री कियावत का कहना है कि 9वीं व 11वीं की वार्षिक और 10वीं व 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा 12 अप्रैल से शुरू होंगी। ये परीक्षाएं ऑफलाइन ली जाएंगी।
