दादा के जिंदा रहते घर का मुखिया बना ऋतिक

रेवाड़ी। हरियाणा के-रेवाड़ी स्थित गांव जाटूसाना का ऋतिक 12 वर्ष की उम्र में ही परिवार का मुखिया बन गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आदेश पर इसे विशिष्ट केस मानते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऋतिक का नाम राज्य बीपीएल सूची में शामिल करके उसके लिए विशेष राशन कार्ड जारी किया है।
इस राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों की सूची में अकेले ऋतिक का ही नाम है। नाबालिग को परिवार का मुखिया मानकर राशन कार्ड जारी करने का यह हरियाणा में पहला मामला है। संभवतया पूरे देश में भी यह अपने किस्म का पहला ही मामला है। वहीं, सीएम मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद जाटूसाना निवासी ऋतिक का विशेष बीपीएल कार्ड बनने पर रितिक डीसी यशेंद्र सिंह से मिलने पहुंचा। ऋतिक संग जिला पार्षद और ग्रामीण भी थे। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रशासन और राज्य में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी की सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस तरह से तुरंत समस्याओं के समाधान से सिस्टम पर विश्वास बढ़ता है।
मामला संज्ञान में आने पर उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने सरकार के पास अपनी संस्तुति भेजी थी। सबसे पहले जिला पार्षद अमित यादव ने ट्वीट कर यह मुद्दा उठाया था। मुख्यमंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए नाबालिग होते हुए भी ऋतिक को राशन कार्ड जारी करने के आदेश दिए थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दिखाई गई मानवता की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है। राशनकार्ड बनाने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को लेकर उपायुक्त ने मुख्यमंत्री कार्यालय को स्थिति से अवगत कराया था। इस पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए स्पेशल केस बनाकर संबंधित विभाग को तुरंत प्रभाव से राशन कार्ड बनाने के आदेश दिए।
गांव जाटूसाना के सरकारी स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ रहा छात्र ऋतिक जब 5 साल का हुआ था, तब मां उसे छोड़कर कहीं चली गईं। जब वह 9 साल का हुआ तब पिता टीबी की बीमारी के कारण चल बसे। दादा-दादी अभी जिंदा है, लेकिन वह खुद इतने बीमार रहते हैं कि उन्हें ही सहारा चाहिए। दो चाचा हैं जो मजदूरी करते हैं। ऐसे जीवन यापन का भी गहरा संकट है।
ऐसे में ऋतिक घर में अकेला रहता है। उसके सामने राशन की समस्या थी। राशन कार्ड बनने से उसे राशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और वह निश्चिंत होकर अपनी पढ़ाई कर सकेगा।
