दिल्लीः कांवड़ियों का उत्पात, पुलिस के सामने गाड़ियों पर बरसाए डंडे

नई दिल्ली, दिल्ली के मोती नगर इलाके में मंगलवार की शाम कामवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। सड़क से गुजर रही कार छू जाने पर कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों को रोकने की भी कोशिश की लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे गाड़ियों में तोड़फोड़ करते रहे। हालांकि इस घटना के दौरान कार में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त सूचना के मुताबिक, दिल्ली के मोती नगर में मंगलवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब वहां से गुजर रहे कांवड़ियों से एक कार हल्की सी छू गई। इस बात पर कांवड़िए उग्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। पहले तो कार सवार लोगों ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने. कांवड़ियों ने डंडों से कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
पीसीआर पर जानकारी मिलते ही कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे, लेकिन कांवड़ियों के उत्पात के आगे वो भी लाचार दिखे। पुलिस के रोकने के बावजूद कांवड़िए नहीं रुके और उन्होंने कार को तोड़ना जारी रखा। उन्होंने पुलिस वालों के सामने ही गाड़ी को सड़क पर पलट दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस बल को आता देख कावड़िए वहां से भाग निकले। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तरफ से अभी तक इस संबंध में कोई भी शिकायत नही दी गई है।
