दिल्ली की युवतियों से गैंगरेप मामले में एफआईआर में देरी की होगी जांच 

नागौर । नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली की दो युवतियों के साथ गैंगरेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। इस वारदात के 5 दिन बाद एफआईआर दर्ज होने की जांच भी एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर में देरी होने की जांच एएसपी सरजीत मीणा को सौंपी है। वे अब इस प्रकरण में यह जांच करेंगे कि सदर पुलिस ने मामला सामने आने के बाद भी पीडि़त युवतियों की रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं की। 
वहीं मामले में पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि पीडि़त युवतियों ने पुलिस से कहा था कि वे दिल्ली में अपने परिजनों से सलाह लेने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज करवाएंगी। उनके द्वारा थाने में रिपोर्ट नहीं दिए जाने पर यह प्रकरण 30 मई की रात को महिला थाने में दर्ज किया गया। इस मामले की जांच कर रहे नागौर एससीएसटी सेल के पुलिस उपाधीक्षक श्रवणदास संत ने बताया कि 25 मई को वारदात होने के बाद पीडि़त युवतियां सदर थाने में पहुंची थीं। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन युवतियों ने कहा कि वे दिल् ली जाकर अपने परिजनों से सलाह मशविरा करके रिपोर्ट दर्ज करवाएंगी। 
इस बीच एक युवती ने पुलिस को एक मोबाइल नम्बर भी दिया, जिसमें बताया कि उसका पति पुलिस में एएसआई है। पुलिस ने जब इन नम्बरों पर सम्पर्क कर रिपोर्ट दर्ज करवाने की बात कही तो उस व्यक्ति ने कहा कि वह पानीपत पुलिस में एएसआई है और युवती का पति नहीं बल्कि मित्र है। उसने बताया कि वे कानूनी सलाह लेने के बाद रिपोर्ट दर्ज करवाएंगे। इसके बाद युवतियों ने दिल्ली जाने की बात कही। वहीं पुलिस ने दोनों युवतियों को सदर थाने के मेस में खाना खिलाया और उन्हें दिल्ली की ट्रेन में बैठा दिया। इसके बाद पुलिस लगातार युवती से सम्पर्क में थी और रिपोर्ट देने की मांग करती रहीं, लेकिन पीडि़त युवती ने 30 मई को वाटस्अप पर रिपोर्ट भेजी, जिसके आधार पर पुलिस ने महिला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए दुष्कर्म पीडि़त युवतियों को नागौर बुलाया है। जांच अधिकारी डीएसपी श्रवणदास संत ने बताया कि पीडि़त युवतियों को बयान देने के लिए नागौर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस पीडि़ताओं के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। पीडि़त युवतियों ने पुलिस को आरोपी युवक का नाम दीपक बताते हुए उसके मोबाइल नम्बर व गाड़ी के नम्बर रिपोर्ट में दिए हैं। पुलिस इन मोबाइल नम्बरों व गाडी के नम्बरों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस युवतियों की आरोपियों के साथ हुई बातचीत के तथ्य भी खंगाल रही है। 
 

Leave a Reply