दिल्ली के अस्पताल में यूएई की 60 वर्षीय महिला की सफल सर्जरी

नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) निवासी 60 वर्षीय महिला के बीमारी के कारण बढ़े स्तनों की डाक्टरों ने सफल सर्जरी कर उसकी परेशानी दूर की है। महिला 30 साल से बढ़े हुए स्तनों के कारण परेशान थी। उसे चलने में परेशानी, कंधे पर ब्रा की पट्टियों के दबाव का दर्द, गर्दन में दर्द एवं स्तनों के नीचे चकत्ते थे। परेशान महिला ने सर गंगा राम अस्पताल के प्लास्टिक और कास्मेटिक सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डा. राजीव आहूजा से इंटरनेट के माध्यम से दो माह पहले संपर्क किया।
महिला भारत की रहने वाली हैं और बेटे के साथ यूएई में रहती है। डा. आहूजा ने बताया कि गिगेंटोमैस्टिया नामक बीमारी के कारण उसके स्तन बहुत बड़े थे, जो नाभि से दो इंच नीचे तक पहुंच रहे थे। ज्यादातर यह बीमारी हार्मोन के प्रति अत्यधिक संवेदनशीलता के कारण होती है। उन्होंने बताया कि इतने बड़े स्तन होने का उनके सामने यह दुर्लभ मामला था। कई बार गर्भावस्था के बाद स्तन वापस सामान्य आकार में नहीं आते हैं। मरीजों को ऐसा लगता है जैसे वे छाती पर भारी बोझ ढो रहे हैं।
