दिल्ली के कई सरकारी और निजी अस्पतालों को मिली ऑक्सीजन

नई दिल्ली । कोरोना महामारी के बीच ऑक्सीजन संकट से भी जूझ रहे दिल्ली के कुछ बड़े सरकारी और निजी अस्पतालों को बुधवार सुबह ऑक्सीजन की नई खेप मिल गई है। समय रहते ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से बड़ा संकट टल गया। गंगाराम अस्पताल को निजी विक्रेताओं से तड़के तीन बजे से पहले 4,500 घन मीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई। एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल को बाद में एक अन्य विक्रेता से 6,000 घन मीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई। यह भंडार गुरुवार सुबह नौ बजे तक चलने की संभावना है। अस्पताल में सभी 132 आईसीयू बेड पर मरीज हैं। गैर आईसीयू के 487 बेड में से सिर्फ तीन खाली हैं। 
गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि एक कंपनी से भेजा गया ऑक्सीजन का ट्रक देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पास पहुंचा। लोक नायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि एक विक्रेता से भेजा गया ऑक्सीजन का ट्रक तड़के तीन बजे अस्पताल पहुंचा। एलएनजेपी और जीटीबी में 400-400 बेड हैं और सभी पर मरीज हैं। वहीं, अंबेडकर अस्पताल को सुबह पांच बजे ऑक्सीजन की ताजा आपूर्ति हुई। यह आपूर्ति 24 घंटे तक चलेगी। दिल्ली के अस्पतालों में आईसीयू बेड तेजी से भर रहे हैं। दिल्ली सरकार के कोरोना ऐप के अनुसार, राजधानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में सिर्फ 28 बेड कोरोना वायरस के मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। 
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को रात 10 बजकर 20 मिनट पर इमरजेंसी मैसेज भेजकर बताया था कि जीटीबी अस्पताल में ऑक्सीजन का भंडार चार घंटे से अधिक नहीं चल पाएगा। उन्होंने मंगलवार की रात ट्वीट किया, ''कोरोना वायरस से संक्रमित 500 से अधिक मरीज ऑक्सीजन पर हैं। 
 

Leave a Reply