दिल्ली में दर्ज किए गए कोरोना के 3846 नए केस, 5 अप्रैल के बाद सबसे कम लेकिन मौत का आंकड़ा अब भी 200 पार

दिल्ली राजधानी दिल्ली में लगे लॉकडाउन को लगभग एक महीना पूरा हो गया है और अब यह रंग लाता दिख रहा है। बुधवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 3 हजार 846 नए मामले सामने आए हैं। यह पांच अप्रैल के बाद पहला मौका है जब दिल्ली में कोरोना के इतने कम मामले दर्ज किए गए हों। वहीं रिकवरी भी बढ़ गई है और नए केस के दोगुने से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।
बीते 24 घंटे के अंदर दिल्ली में 9 हजार 427 लोगों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि, दिल्ली में कोरोना से मौतों का आंकड़ा लगातार डरा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को भी कोरोना ने 235 लोगों का जीवन लील लिया। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में अब पॉजिटिविटी दर घटकर 7.61 फीसदी पर आ गई है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में फिलहाल कोरोना वायरस के 45 हजार 47 ऐक्टिव मामले हैं। वहीं, दिल्ली में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या अब 14 लाख 6 हजार 719 पहुंच गई है। अब तक दिल्ली में 22 हजार 346 लोग कोरोना के कारण दम तोड़ चुके हैं।
इससे पहले 17 मई यानी सोमवार को दिल्ली में 4 हजार 524 नए मामले दर्ज किए गए थे। 5 अप्रैल के बाद यह पहला मौका था जब राजधानी में 5 हजार से भी कम नए मामले दर्ज किए गए थे।
