दिल्ली में पल-पल बिगड़ रहे हालात, 10 में से 7 हजार बेड कोरोना के लिए सुरक्षित किए जाएं: सीएम केजरीवाल

नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पल-पल हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने केंद्रीय गृहमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर बात कर दिल्ली में बेड और ऑक्सीजन की कमी की जानकारी दी है और उनसे केंद्र सरकार के अस्पतालों में 10 हजार में से 7 हजार बेड कोरोना के लिए सुरक्षित करने की मांग की है, जो अभी केवल 1800 बेड ही सुरक्षित हैं। सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार अगले दो-तीन दिनों में 6 हजार से ज्यादा ऑक्सीजन बेड तैयार कर लेगी। कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राधा स्वामी सत्संग ब्यास के अलावा कुछ स्कूलों में भी बेड लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने साथ मिल कर कोरोना का सामना करने और कर्फ्यू में सहयोग देने के लिए दिल्लीवासियों के साथ ही कई गैर सरकारी संगठनों, डॉक्टर्स की एनजीओ और धार्मिक संगठन को आगे आकर मदद करने के लिए धन्यवाद दिया है। 
सीएम केजरीवाल ने आज दिल्ली में कोरोना की मौजूदा हालात पर डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के अंदर पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग 25,500 केस आए हैं। उसके पिछले 24 घंटे में 24,000 केस आए थे और उसके पिछले 24 घंटे में 19,500 केस आए थे। अभी कोरोना के केस बढ़ने की गति चालू है और केस बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादा चिंता की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में सकारात्मकता दर बढ़ कर करीब 30 फीसद हो गई है, जबकि यह उसके पिछले 24 घंटे में केवल 24 फीसद थी। सकारात्मकता दर पिछले 24 घंटे में 24 फीसद से बढ़कर 30 फीसद हो गई है। 

Leave a Reply