दुकानदारों ने ना तो रस्सी बांधी ना ही रेखा खींची

भोपाल । जानलेवा कोरोना वायरस को लेकर शहर के व्यापारी लापरवाह बने हुए हैं। प्रशासन द्वारा लॉकडाउन की धोषणा करने के बावजूद दुकानदार और व्यापारी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। लापरवाही बरतने के मामले में नए और पुराने शहर के बाजारों में स्थिति एक जैसी ही है। राजधानी में रिकॉर्ड कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। बावजूद इसके लापरवाही बरती जा रही है। न तो जिला प्रशासन सख्ती कर रहा है न ही नगर निगम। दुकानदार भी नहीं मान रहे हैं। रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू हुए तीन दिन बीत चुके हैं, फिर भी 80 फीसद दुकानों के सामने 'लक्ष्मण रेखा यानी रस्सी नहीं बांधी गई है और न ही चूने से गोल घेरे बनाए गए हैं। नए-पुराने सभी बाजारों में यह स्थिति है। न्यू मार्केट व एमपी नगर में कुछ दुकानों के आगे चूने से गोल घेरे बनाए गए हैं, लेकिन पुराने शहर के लखेरापुरा, चौक, सराफा, जुमेराती, हनुमानगंज, जनकपुरी, बुधवारा, मंगलवारा, पीर गेट, इब्राहिमपुरा, घोड़ा नक्कास, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट, बैरागढ़, मारवाड़ीसेरी, अशोका गार्डन, कोतवाली रोड समेत अवधपुरी, होशंगाबाद रोड, कोलार, इंद्रपुरी, आनंद नगर, करोंद आदि बाजारों में न तो गोल घेरे बने हैं और न ही रस्सी बांधी गई है। ऐसे में कोरोना वायरस को खुला निमंत्रण मिल रहा है। प्रशासन के निर्देश है कि प्रत्येक दुकान के आगे रस्सी बांधी जाए। ताकि शारीरिक दूरी के नियमों का पालन हो सके। दुकान के सामने गोल घेरे बनाए जाएं, जो निश्चित दूरी पर है। इनमें खड़े होकर ग्राहकों को सामान दिया जाए। इन स्पष्ट निदेशों के बावजूद नियमों के विपरित अधिकांश दुकानों के आगे गोल घेरे या रस्सी नहीं बांधी गई है। इस कारण शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो पाता है। वहीं, बिना मास्क के ही ग्राहकों को सामान दिया जा रहा है। इस बारे में न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के सचिव अजय देवनानी का कहना है कि न्यू मार्केट की सभी दुकानों के आगे गोल घेरे बनाने एवं रस्सी बांधने के लिए व्यापारियों से निवेदन किया है। इससे ही कोरोना का संक्रमण रोका जा सकता है। वहीं श्री सराफा एसोसिएशन प्रवक्ता नवनीत अग्रवाल का कहना है कि सराफा व्यापारियों को कोविड नियमों का पालन करने को कहा गया है। गोल घेरे बनाए जा रहे हैं। रस्सी भी बांधी जा रही है। वहीं किराना व्यापारी महासंघ के अनुपम अग्रवाल का कहना है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी को प्रयास करने चाहिए। महासंघ ने व्यापारियों से सभी समुचित उपाय करने को कहा है। वहीं निगमायुक्त वीएस चौधरी का कहना है कि कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जा रही है। जिन व्यापारियों ने दुकानों के आगे रस्सी नहीं बांधी या गोले घेरे नहीं बनाए हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
