दुल्हन  बोली-आरोपियों ने मेरी बड़ी बहन के अपहरण का भी प्रयास किया

सीकर । नागवा से दुल्हन के अपहरण के मामले में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने दुल्हन की बड़ी बहन का भी अपहरण करने का प्रयास किया था, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए तो छोटी बहन का अपहरण किया और गहनों से भरा बैग छीनकर ले गए। इधर, रविवार को पीडि़ता दुल्हन का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन के अपहरण का भी प्रयास किया गया। पुलिस की जांच और पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ अपहरण किया था। आरोपी अंकित ने शादी वाली रात अपने साथियों को नागवा बुलाया। शराब पार्टी के बाद अंकित सेवदा के तीन अन्य साथी बोलेरो लेकर आए। अंकित ने अपने दोस्तों को बताया कि दुल्हन के भाई से उसका झगड़ा हो गया था। वह दुल्हन को शादी के बाद ससुराल जाते वक्त अगवा करेगा, जिससे परिवार को सबक सिखा सके। इसके बाद सभी आरोपी दुल्हन के घर के पास तलाई में जाकर खड़े हो गए। उन्होंने वहां दुल्हन की सजी हुई इनोवा गाड़ी देखी जिससे यह पक्का हो गया कि दूल्हा-दुल्हन इसी इनोवा गाड़ी में जाएंगे। बोलेरो को आरोपी अशोक रेवाड़ा चला रहा था। जिसमें अंकित सेवदा, विकास भामू सहित 3-4 अन्य युवक बैठे थे। नागवा के चौराहे पर महेंद्र फौजी, मुकेश रेवाड़, राजेश बगडिय़ा उर्फ धौल्या पिकअप लेकर खड़े थे। पिकअप में लाठी, लोहे की राड थी। सोमलाई बालाजी के पास से 6-7 लाठियां ली। इसके बाद बोलेरो में सवार युवक वापस जोहड़े के पास जाकर खड़े हो गए। रात करीब 2.30 बजे दुल्हन की इनोवा गाड़ी निकली। आरोपियों ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। रामबक्सपुरा स्टैंड के पास इनोवा के आगे और पीछे आरोपियों ने दो गाड़ी लगा दी। गाडिय़ों से नीचे उतर आरोपियों ने लाठियों से वार शुरू कर दिए। अंकित के पास एक पिस्टल थी। जिसे दिखाकर इनोवा में बैठे लोगों को डराया। इनोवा के शीशे तोड़कर अंदर का लॉक तोड़ दिया। आरोपियों ने दुल्हन को जबरन गाड़ी से उतार बोलेरो में डाल दिया। अंकित सेवदा व विकास ने दुल्हन की बड़ी बहन के भी अपहरण की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद अंकित सेवदा ने दुल्हन की बड़ी बहन से एक गहनों का बैग छीन लिया। इसके बाद आरोपी दुल्हन को लेकर गाडिय़ों से फरार हो गए। 

Leave a Reply