देश का मूड: 40 फीसदी लोग मोदी सरकार के कामकाज से खुश नहीं

नई दिल्ली: अगर देश में आज चुनाव हों तो क्या होगा? किसकी सरकार बनेगी? क्या जनता सरकार के काम से खुश है? कैसा रहा मोदी सरकार का काम? इन्ही सवालों के जवाबों के लिए एबीपी न्यूज़ ने सीएसडीएस-लोकनीति के साथ एक सर्वे कराया जिससे पता चला है कि देश के 40 फीसदी लोग मोदी सरकार के काम से खुश नहीं है.
सर्वे के दौरान देश की जनता से पूछा गया कि मोदी सरकार का कामकाज कैसा रहा? इस पर 51 फीसदी लोग सरकार के काम से संतुष्ट नजर आए, 40 फीसदी लोग मोदी सरकार के काम से असंतुष्ट दिखे जबकि 9 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता.
बता दें कि मई 2017 में जो सर्वे किया गया था जिसमें 64 फीसदी लोग सरकार के काम से संतुष्ट थे, केवल 27 फीसदी लोग ही असंतुष्ट थे जबकि 9 फीसदी ने तब भी कहा था कि उन्हें इसके बारे में कुछ नहीं पता. यानि बेहद साफ है कि मोदी सरकार की लोकप्रियता के ग्राफ में कमी आई है.
सर्वे के मुताबिक, पिछले 8 महीने में असंतुष्ट लोगों की तादाद करीब 10 फीसदी बढ़ी है. सीएसडीएस के निदेशक संजय कुमार ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी नाराजगी बढ़ती देखी जा रही है और इसके पीछे कई बड़े कारण हैं.
पूर्वी भारत की 142 सीटों पर कौन जीतेगा?
सर्वे से पता चला है कि एनडीए को पूर्वी भारत की 142 सीटों पर 43 फीसदी वोट शेयर हासिल हो सकता है. यूपीए को 21 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है और अन्य को 36 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है. यानि एनडीए को 68 से 76 सीटें मिल सकती हैं जबकि यूपीए को 15 से 21 सीटें मिल सकती हैं और अन्य के हिस्से में 48 से 56 सीटें आ सकती हैं.
उत्तर भारत में कौन जीतेगा?
उत्तर भारत की 151 सीटों पर एनडीए को 45 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है, यूपीए को 22 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है और अन्य को 33 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है. यानि 106 से 116 सीटें एनडीए को, 10 से 16 सीटें यूपीए को और 24 से 30 सीटें अन्य को मिल सकती हैं.
कैसे कराया गया सर्वे
एबीपी न्यूज ने CSDS-लोकनीति के साथ देश का मूड समझने की कोशिश की है. हमने ये जानना चाहा कि अगर अभी चुनाव हुए तो कैसी होगी संसद की राजनीतिक तस्वीर? ये सर्वे 7 से 20 जनवरी के बीच किया गया है. 19 राज्यों में 175 लोकसभा सीटों पर 14336 वोटरों से उनकी राय जानी गई है.
