देश के 39 फीसदी भाग में सूखे का आसार, कई राज्यों में 60% से कम बारिश

नई दिल्ली मानसून के समय पूर्व देश भर में छाने के बावजूद 39 फीसदी भू भाग में ठीक से बारिश नहीं हो पाई है। अभी तक के आंकड़ों को देखें तो यह हिस्सा बुरी तरह से सूखे की ओर अग्रसर है। इस हिस्से में बारिश की कमी 20 से 60 फीसदी तक दर्ज की गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार तथा झारखंड भी शामिल हैं। यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं हुई तो इन राज्यों में कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से सात जुलाई के आंकड़ों के अनुसार देश के 13 संभाग सूखे की चपेट में हैं। जबकि बाकी 23 संभागों में बारिश सामान्य या इससे अधिक हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, जो संभाग सूखे की चपेट में हैं, उनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश में 45 फीसदी कम बारिश हुई है जबकि पश्चिमी उप्र में 36, झारखंड में 31, बिहार में 20, सौराष्ट्र कच्छ में 76, ओडिशा में 30, पूर्वी मप्र में 20, गुजरात क्षेत्र में 21, छत्तीसगढ़ में 20, लक्षदीव में 41, अरुणाचल प्रदेश में 30, पश्चिम बंगाल में 31 और सर्वाधिक बारिश वाले संभाग असम मेघालय में 25 फीसदी कम बारिश हुई है। उत्तराखंड में सामान्य से दस फीसदी कम पानी बरसा है। लेकिन, मौजूदा मानकों के तहत वहां सामान्य बारिश हुई है।
अभी तक देश में सामान्य से आठ फीसदी कम बारिश
देश में अभी तक कुल 206 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से आठ फीसदी कम है। अब तक 224 मिमी बारिश हो जानी चाहिए। दक्षिणी हिस्से में सामान्य से सात और उत्तर-पश्चिम में दो फीसदी अधिक बारिश हुई है।
जबकि मध्य भारत में सात फीसदी और पूर्वोत्तर में 22 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने सप्ताह के दौरान मानसूनी बारिश में सुधार की उम्मीद व्यक्त की है। महाराष्ट्र, दक्षिणी हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा अन्य पूर्वी हिस्सों तथा उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
