देश में कुल संक्रमितों की संख्या 9152 हुई, अब तक 308 की मौत
देश में लॉकडाउन के बीच कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 9152 हो गई है। इनमें 7987 सक्रिय हैं, 856 स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 308 लोगों की मौत हो गई है। आज नागालैंड में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा में 30, गुजरात में 22, मध्यप्रदेश के इंदौर में 22, राजस्थान में 11 और मुंबई के धारावी में चार नए मामले आए हैं।
इंदौर में 22 नए मामले
मध्यप्रदेश में कोरोना का हॉटस्पॉट बने इंदौर में आज 22 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं और एक मरीज की मौत हो गई है। इसी के साथ मृतकों की संख्या 33 हो गई है। वहीं, 11 सौ से अधिक सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं, जिससे पॉजिटिव मरीज बढ़ने की संभावना है। जिले में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए कोविड-19 अस्पताल बढ़ाए जा रहे हैं।
लॉकडाउन के बीच बैसाखी
देशभर में कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन के बीच बैसाखी के मौके पर पंजाब में लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन में गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह में कुछ लोग अरदास करने आए।
गुजरात में 22 नए मामले, संक्रमित मरीजों की संख्या 538 हुई
गुजरात में कोरोना पॉजिटिव के 22 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही दो लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में एक अहमदाबाद और एक वडोदरा निवासी था। इसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 538 हो गई है। जिसमें 47 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है ओर 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
