द्रविड़ ने क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने मांग की, खेलों के लिए फायदेमंद बताया
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किया जाना चाहिये। द्रविड़ ने अपनी किताब ‘अ न्यू इनिंग्स' को जारी करने के लिए आयोजित वर्चुअल सेमिनार में कहा कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किया जाना चाहिए क्योंकि यह खेल के लिए अच्छा होगा। पिछले कुछ समय से यह मांग बराबर उठ रही है कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के क्रिकेट संचालन निदेशक द्रविड़ ने कहा कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने को लेकर कई चुनौतियां सामने आएंगी पर इससे खेल का विस्तार ही होगा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल कराने प्रयास होने चाहिये। उन्होंने कहा कि खेल के लिए यह बहुत अच्छा होगा कि टी-20 प्रारुप ओलंपिक का हिस्सा बने। द्रविड़ ने कहा कि क्रिकेट कई देशों में खेला जाता है और वह चाहते हैं कि इस प्रारुप का और विस्तार हो।
क्रिकेट आखिरी बार 1900 के पेरिस ओलंपिक ओलंपिक में खेला गया था। अंतररष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हाल में अपने सदस्यों से कहा था कि वे क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने के लाभ को लेकर रिपोर्ट तैयार करें। द्रविड़ ने माना कि ओलंपिक में शामिल कराए जाने के प्रस्ताव में पिच को तैयार कराने संबंधित कई दिक्कतें आएंगी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इसे ओलंपिक में शामिल किए जाने का समर्थन किया। उन्होंने यह माना क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल कराने में कई चुनौतियां सामने आएंगी।
