धरती फट जाए और हम उसमें समा जाएं! 

भोपाल । पाकिस्तानी जासूसों के संपर्क में रहने के आरोपी सीधी निवासी सौरभ शुक्ला के पिता रविशंकर शुक्ला ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि धरती फट जाए और उसमें हम समा जाएं। बेटे की करतूत से आहत पिता ने फूट-फूटकर रोते हुए कहा कि मेरा बेटा ऐसा काम करेगा पता नहीं था, मेरे बेटे ने देश के खिलाफ ऐसा काम किया है, यह सुनकर मैं स्तब्ध हूं, हमें उसकी करतूत की कोई जानकारी नहीं थी। मालूम हो कि उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से शनिवार को सीधी निवासी 24 वर्षीय सौरभ को  गिरफ्तार किया गया है। सौरभ के पिता ने बताया कि सौरभ गांव में कम और दोस्तों के साथ बाहर ज्यादा रहता था। उनके खाते से बाइक के लिए पैसे निकालने की जानकारी भी उन्हें बाद में मिली। शनिवार सुबह करीब 8 बजे सौरभ उनसे पांच सौ रुपए लेकर यह कहकर निकला कि वह त्योंथर जा रहा है। इसके बाद उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार देर रात मोबाइल पर बताया गया कि बेटे को उप्र एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिता ने बताया कि सौरभ की प्राथमिक शिक्षा अगहर गांव से हुई। कॉलेज की पढ़ाई रीवा में की। रीवा में कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद वह दो वर्ष लगातार फेल हो गया, इस वजह से नाम कटा दिया था। 
    पढ़ाई के दौरान उसकी संगत गलत लोगों से हो गई थी। इसकी जानकारी हमें नहीं हो पाई। करीब एक वर्ष पहले जानकारी मिली तो मैं इसे गांव ले आया था। वह मेरा विश्वास ऐसा तोड़ेगा, मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। उन्होंने बताया कि मैं पेशे से शिक्षक हूं, मेरा पूरा परिवार शिक्षा में आगे रहा है, परिवार के लोग शासकीय सेवा में हैं। इसी सोच से प्राथमिक शिक्षा के बाद मैंने बड़े बेटे सौरभ उर्फ शिब्बू और छोटे बेटे मोहित को रीवा में रखा ताकि वह शिक्षा के क्षेत्र में आगे निकल सकें लेकिन अब सब बर्बाद हो गया। 24 मार्च को उप्र एटीएस ने गोरखपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रीवा और महाराष्ट्र से 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। ये सभी भारत में पाकिस्तानी हैंडलर्स के निर्देश पर आपराधिक षड्यंत्र और कोडिंग करते हुए विभिन्न् बैंक खातों में देश के अलग-अलग स्थान से भारी धनराशि मंगाकर लोगों को देते थे। सौरभ इन आरोपितों के सहयोगियों के रूप में काम करता था।मालूम हो कि पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में होने के आरोप में उप्र एटीएस को लंबे समय से सौरभ शुक्ला की तलाश थी। उस पर आरोप है कि वह लोगों को झांसा देकर बैंकों में खाता खुलवाकर उनका खाता नंबर, एटीएम कार्ड लेकर उन खातों से पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर आए पैसों का आपराधिक लेन-देन करता था। उप्र एटीएस ने सीधी जिले के अगहर निवासी 24 वर्षीय सौरभ शुक्ला को शनिवार को प्रयागराज में चंद्रशेखर आजाद पार्क के सामने से गिरफ्तार किया था। सौरभ पर पाकिस्तान से फोन और इंटरनेट द्वारा अपने नेटवर्क के सदस्यों के साथ पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने का आरोप है। 

Leave a Reply