धार मे यात्रियों को लेकर जा रही बस पलटी, डायल-100 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

भोपाल।राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि जिला धार, थाना अमझेरा क्षेत्र के अंतर्गत लेड गाँव मे एक बस पलट गयी है, जिसमें 10-12 यात्रियों के घायल होने होने की सूचना है । सूचना मिलते ही राज्य स्तरीय पुलिस कन्ट्रोल रूम व्दारा तत्काल थाना अमझेरा एवं पुलिस कन्ट्रोल रूम धार को सूचित करते हुये घटना स्थल पर पास की दो डायल-100 वाहनों (एफ.आर.व्ही.) को भेजा गया । डायल-100 स्टाफ व्दारा तत्काल मौके पर पहुँचकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा घायल व्यक्तियों को डायल – 100 वाहनों से शासकीय जिला अस्पताल धार ले जाया गया ।प्राप्त जानकारी अनुसार बस क्रमांक आरजे 03 पीए 2667 यात्रियों को लेकर दसई से सरदारपुर की ओर जा रही थी , थाना थाना अमझेरा क्षेत्र के अंतर्गत लेड गाँव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे बस मे सवार 10-12 यात्री घायल हो गए , सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डायल-100 एफ़आरवी क्र- 16 के स्टाफ आरक्षक सुखलाल ,पायलेट लोकेन्द्र चौहान तथा थाना स्टाफ ने बस में फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल कर डायल-100 वाहनों तथा 108 से जिला अस्पताल मे भर्ती कराया। जहाँ सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है । थाना अमझेरा पुलिस व्दारा घटना की जाँच की जा रही है।
