नये जीआरपी हेल्प एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करें – एडीजी रेल श्रीमती राव

भोपाल। रेल यात्रियों खासकर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर मध्यप्रदेश रेल पुलिस ने अपने मोबाइल एप ''जीआरपी हेल्प एप'' में आधुनिक फीचर जोड़कर इसे नया रूप दिया है। रेलवे पुलिस के अमले को इस एप के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी देने के लिए बुधवार को भदभदा रोड स्थित रेल पुलिस मुख्यालय में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल श्रीमती अरूणा मोहन राव ने रेल पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोडीफाइड जीआरपी हेल्प एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र व शहरों में इस एप के बैनर व पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक करें, जिससे रेल यात्री जरूरत पड़ने पर इस एप का लाभ उठा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया जिसमें रेलवे पुलिस के लगभग 175 अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसी दौरान हरियाली महोत्सव के तहत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल श्रीमती अरूणा मोहन राव की अगुआई में रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादायक पौधे रोपे। श्रीमती राव ने पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। रेल रक्षित केन्द्र भोपाल में नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त महिला विश्राम गृह का शुभारंभ भी उन्होंने किया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रेल जयदीप प्रसाद, रेलवे के पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल, सहायक पुलिस महानिरीक्षक धर्मवीर सिंह यादव व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीतू डाबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. रचना गुप्ता एवं 25 वीं वाहिनी के चिकित्सक डॉ. राकेश भार्गव की टीम ने रेलवे पुलिस के अमले की ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी व आंखों की जांच की। साथ ही वजन लेकर व लंबाई नापकर रेलवे पुलिस बल को खान-पान संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जीआरपी के रक्षित निरीक्षक हेमंत कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
