नाभा जेल हत्याकांड: डेरा प्रेमी बिट्टू के अंतिम संस्कार से इंकार, शर्त पूरी करने के बाद किया जाएगा

डेरा सिरसा ने नाभा जेल में कत्ल किए गए डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्टू का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया है, क्योंकि कमेटी ने एक शर्त पूरी रख दी है। वहीं बिट्टू की हत्या से साढ़े तीन साल पुराने बरगाड़ी बेअदबी विवाद ने फिर से तूल पकड़ लिया है। डेरा सिरसा की 45 सदस्यीय कमेटी ने एलान किया कि जब तक कत्ल की साजिश रचने वालों को बेनकाब नहीं किया जाएगा और डेरा प्रेमियों पर दर्ज बेअदबी के सभी केस रद्द नहीं किए जाएंगे, तब तक बिट्टू का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य आरोपी बिट्टू के शव को पोस्टमार्टम के बाद रविवार सुबह करीब 7 बजे कोटकपूरा लाया गया। उसे यहां डेरा सच्चा सौदा सिरसा के नामचर्चा घर में रखा गया। बिट्टू की बेटी अमन के गुरुग्राम से कोटकपूरा पहुंचने के बाद उनका अंतिम संस्कार किए जाने के आसार थे, लेकिन दोपहर ठीक तीन बजे डेरा सिरसा की कमेटी ने दो मांगे रखते हुए अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया।

कमेटी के सदस्य छिंदरपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन ने जबरदस्ती की तो लाखों लोगों का अंतिम संस्कार करवाना पड़ेगा। डेरा प्रेमियों की घोषणा से जिला पुलिस प्रशासन सकते में आ गया है और अधिकारियों की ओर से बिट्टू के परिवार व डेरा कमेटी के साथ बैठकें करके उन्हें मनाने की कोशिशें की जा रही हैं।

जेल मंत्री ने माना, डेरा प्रेमी की सुरक्षा में चूक हुई

पंजाब के जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने माना कि नाभा जेल में महिंदरपाल बिट्टू की सुरक्षा में चूक हुई है। रविवार को वे नाभा जेल में स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने बताया कि अलग सेल में रखे गए कैदियों के आने-जाने का रास्ता आम कैदियों से अलग होता था। जेल में निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण पिछले तीन-चार दिन से सभी कैदियों के आने-जाने का रास्ता एक ही था। बिट्टू की सुरक्षा में दो कर्मचारी रखे गए थे। इन कर्मचारियों के होते हुए भी उस पर हमला कैसे हुआ, इसकी तह तक पहुंचा जाएगा।

जेल में सुरक्षा प्रबंधों पर उठे सवाल
नाभा जेल में शनिवार शाम बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य आरोपी डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्टू की हत्या ने जेल प्रशासन के सुरक्षा प्रबंधों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सवाल पैदा होता है कि जब महिंदरपाल बिट्टू को अलग सेल में रखा गया था, तो फिर शनिवार शाम को उसे किस काम से बाहर निकाला गया और उसके साथ सुरक्षा के लिए जेल का कोई कर्मचारी क्यों नहीं था। जेल सुपरिंटेंडेंट बलकार सिंह भुल्लर का कहना है कि डेरा प्रेमी की सुरक्षा के लिए एक सेल इंचार्ज व दो संतरी तैनात किए गए थे।

लगाया जा सकता है कर्फ्यू: डीसी
डेरा सिरसा कमेटी की घोषणा के बाद जिला प्रशासन को आशंका है कि कोटकपूरा में बाहरी शहरों व राज्यों से डेरा प्रेमी एकत्रित हो सकते हैं। डीसी कुमार सौरभ राज ने कहा कि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। यदि जिला प्रशासन को जरूरत महसूस हुई तो सिर्फ रात के 10 बजे से सुबह 5 बजे तक का कर्फ्यू लगाया जा सकता है।

 

चार दिन के रिमांड पर दोनों आरोपी

बिट्टू की हत्या के दोनों आरोपियों मनिंदर सिंह व गुरसेवक सिंह को रविवार को पटियाला में सीनियर जज गुरविंदर सिंह जौहल की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपियों को चार दिनों के रिमांड पर भेज दिया। रिमांड के दौरान आरोपियों से पता लगाया जाएगा कि उन्होंने किस वजह से डेरा प्रेमी की हत्या की है।

पेशी से पहले दोनों आरोपियों को स्पेशल इनवेस्टीगेशन पुलिस टीम ने पहले पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल में ले जाकर दोनों का मेडिकल कराया। इसके बाद नाभा में रविवार की छुट्टी होने के कारण पटियाला में ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह जौहल की अदालत में पेश किया।

डेरा प्रेमियों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही
45 सदस्यीय कमेटी के सदस्य छिंदरपाल सिंह ने कहा कि डेरा सिरसा मानवता भलाई के कार्यों को समर्पित है, लेकिन पिछले दो साल से उनके खिलाफ साजिशें रची जा रही है और उन्हें बिना वजह बदनाम करके पंजाब की अमन शांति को भंग करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

सीएम जिले की सुरक्षा चाक-चौबंद

नाभा जेल में बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य आरोपी महिंदरपाल बिट्टू की हत्या किए जाने के बाद सीएम जिले पटियाला की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। सारी पुलिस फोर्स अलर्ट पर है। हर प्रमुख चौक पर नाकाबंदी करने के अलावा जिले को सील भी कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। नाके लगाकर हर आने-जाने वाले वाहन की तलाशी ली जा रही है। एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल ने बताया कि जिले में जितने भी डेरे हैं, उनकी सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। नाभा जेल के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

कोटकपूरा पहुंचीं अर्द्धसैनिक बल की तीन बटालियन
कोटकपूरा शहर को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया है। रविवार सुबह अर्द्धसैनिक बल की तीन बटालियन ने यहां पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। शहर में पैरामिलिट्री फोर्स व पंजाब पुलिस के करीब एक हजार मुलाजिमों की तैनाती की गई है। वहीं बठिंडा के सलाबतपुरा स्थित डेरा की सुरक्षा के लिए बीएसएफ की एक कंपनी को तैनात कर दिया गया।

 

देर रात कराया गया शव का पोस्टमार्टम

बिट्टू के शव का पोस्टमार्टम सुरक्षा कारणों के चलते प्रशासन ने शनिवार देर रात ही करा दिया। पोस्टमार्टम ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में नाभा के सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया। कागजी कार्रवाई पूरी करके शव वारिसों के हवाले करके कड़ी सुरक्षा के बीच कोटकपुरा (फरीदकोट) भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। शनिवार शाम को जैसे ही नाभा जेल में डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्टू की दो कैदियों की ओर से हत्या किए जाने का मामला सामने आया, तब से पटियाला जिले समेत सारे पंजाब में तनाव का माहौल बन गया।

शनिवार को सारी रात नाभा जेल में एडीजीपी (जेल) के अलावा अन्य आला अफसरों का तांता लगा रहा। पटियाला के प्रशासनिक अधिकारियों ने नाभा के सिविल अस्पताल में डेरा जमा दिया। पटियाला प्रशासन को खतरा था कि बिट्टू के कत्ल की खबर सुनकर बड़ी गिनती में डेरा प्रेमी नाभा न पहुंच जाएं और माहौल खराब न हो जाए।

सरदूलगढ़ में पुलिस मुलाजिमों की छुट्टियां रद्द

बिट्टू की नाभा जेल में हत्या करने के बाद सरदूलगढ़ हलके में भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। हरियाणा के साथ लगते बॉर्डर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। कोई भी अप्रिय घटना न हो, इसलिए आने जाने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सरदूलगढ़ सब डिविजन में पुलिस ने गश्त तेज कर दी है। सब डिविजन में छह दर्जन से ज्यादा पुलिस फोर्स बल बाहर से मंगवाए गए हैं। डीएसपी संजीव गोयल ने बताया बाहर से 70 के करीब पुलिस मुलाजिम बुलाए गए हैं और सभी थानों के मुखिया को हिदायत दी गई है कि थानों में पुलिस अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहे और सभी पुलिस मुलाजिम की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं।

अबोहर में नामचर्चा घरों की सुरक्षा बढ़ी
बिट्टू की हत्या के बाद पुलिस ने पूरे प्रदेश में नामचर्चा घरों की सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी कड़ी में अबोहर के सुभाष नगर स्थित नाम चर्चा घर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना नंबर 1 प्रभारी जितेन्द्र सिंह व थाना नंबर 2 के प्रभारी परविंदर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख दीपक हिलोरी, एसपी गुरमीत सिंह व डीएसपी कुलदीप सिंह भुल्लर के आदेशों पर नामचर्चा घर की सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके साथ ही शहर में सभी मार्गों पर नाके लगाकर वाहनों की तलाशी ली गई। एसडीएम पूनम सिंह ने बताया कि शहर में अमन शांति कायम रखने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और लोग भी प्रशासन का सहयोग करते हुए अमन शांति बनाए रखने में सहयोग दें।

 

बिट्टू के हत्यारोपी के घर पर पुलिस मुस्तैद

बिट्टू के कत्ल के मामले के तार फतेहगढ़ साहिब के गांव भगड़ाना से भी जुड़े हुए हैं। हत्या के आरोप में गांव भगड़ाना के मनिंदर सिंह का भी नाम आया है। जिला पुलिस ने उसके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। गांव में आने जाने वाले व्यक्ति पर पुलिस पैनी नजर रख रही है और घर के पास स्थानीय निवासियों के अलावा अन्य किसी को भी फटकने नहीं दिया जा रहा है। पूरा गांव पुलिस छावनी में तबदील हो गया है।

आरोपी मनिंदर सिंह की माता गुलजार कौर का कहना है कि उन्हें जेल में हुई किसी घटना की जानकारी नहीं है। घटना कैसे हुई और क्यों हुई उन्हें कुछ नहीं पता, वह अपने बेटे से मिलकर ही कुछ बता सकती हैं। मां ने बताया कि मनिंदर सिंह पर पहले चल रहे कत्ल के मामले की सुनवाई 10 जुलाई को फतेहगढ़ में है। मनिंदर गांव में ही वेल्डिंग का काम करता रहा है।

वहीं रविवार की सुबह मनिंदर सिंह के घर के बाहर सिख संगठनों के लोग परिवार से मिलने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिया। शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के महासचिव प्रो. महिंदररपाल सिंह समेत अन्य ने बताया कि पुलिस ने उन्हें परिवार से मिलने नहीं दिया। वह परिवार की सुरक्षा की मांग करते हैं।

मनिंदर सिंह की माता गुलजार कौर ने कहा कि उसके बेटे को पिछले चार साल से झूठे मामले में फंसाकर जेल में रखा गया है। नाभा जेल की घटना बारे में उसे आज ही पता चला है। मां ने कहा कि मनिंदर सिंह हमेशा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी सहन न करने की बातें करता था।

एसएसपी अमनीत कौंडल ने कहा कि मनिंदर सिंह के परिवार की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने गांव पर नजर रखी हुई है।

Leave a Reply