नाराज अनिल विज माने, रोहतक में ही करेंगे अनुलोम-विलोम, निमंत्रण पत्र में नाम भी शामिल

रोहतक में होने वाले योग के राज्यस्तरीय समारोह से विभाग के मंत्री अनिल विज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ अनुलोम-विलोम करते हुए नजर आएंगे। समारोह के कार्ड पर विज का नाम चढ़ा दिया गया है।लिहाजा मंत्री जी अब राज्यस्तरीय समारोह में शिरकत करेंगे। बीते मंगलवार को विज के पास जब समारोह की फाइल अनुमोदन के लिए पहुंची तो अपना नाम न देख विज नाराज हो गए थे और मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में भेज दिया था।

मालूम हो कि राज्य में 21 जून को राज्यस्तरीय समारोह रोहतक में होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बाबा रामदेव के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थिति रहेंगे। भाजपा इस बार योग दिवस को विधानसभा स्तर तक मना रही है।

योग के बहाने बीजेपी हरियाणा में सियासी समीकरण साधने का प्रयास करेगी लेकिन विज को अपना नाम इस समारोह में न होना नागवार गुजरा। जिसके बाद यह सारी कवायद शुरू हुई। सचिवालय में चर्चा है कि इस बार विज ने अपने मन की कर ही ली।

योग फार हार्ट थीम पर होने वाले इस समारोह को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं रुचि ले रहे हैं। वह अब तक तीन बार जिला अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं।

Leave a Reply