निगम ने नारियल के खाली खोल में पौधा रोपित करने की शुरू की अनूठी पहल
भोपाल। नगर निगम भोपाल द्वारा नारियल के खाली खोल में पौधे रोपित करने की एक अनूठी पहल शुरू की है। पॉलीथीन में पौधे रोपित करने के विकल्प के रूप में नारियल के खाली खोल में पौधे रोपित करने से पर्यावरण संरक्षित रहेगा और गंदगी फैलने पर अंकुश लगेगा। निगम आयुक्त विजय दत्ता ने बुधवार को किलोल नर्सरी में निरीक्षण के दौरान नारियल के खाली खोल में रोपित पौधो का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारी से जानकारी ली तथा इसकी सराहना की। निगम आयुक्त श्री दत्ता को सहायक उद्यान अधीक्षक पुरूषोत्तम तिवारी ने नारियल के खाली खोल में रोपित पौधा भेंट किया।
निगम द्वारा नारियल के उपयोग के बाद उसके खोल के उपरी भाग को काटकर फ्लावर पॉट की तरह बनाकर उसमें पौधा रोपित किया जा रहा है। नारियल के खाली खोल में पौधा रोपित करने से उसमें पानी की नमी बरकरार रहती है साथ ही पॉलीथीन में पौधा रोपित करने के स्थान पर एक सशक्त विकल्प भी तैयार हो रहा है।निगम द्वारा नारियल के खाली खोल में पौधा रोपित करने की प्रक्रिया शुरू करने से नागरिकगण भी अपने घरों में फ्लावर पॉट के रूप में इसे विकसित कर सकते है।
निगम आयुक्त विजय दत्ता ने बुधवार को प्रात: किलोल नर्सरी का निरीक्षण किया और नारियल के खाली खोल में रोपित पौधे के बारे में जानकारी ली। निगम आयुक्त श्री दत्ता को सहायक उद्यान अधीक्षक श्री तिवारी ने जानकारी से अवगत कराया तथा श्री दत्ता को नारियल में रोपित पौधा भेंट किया। निगम आयुक्त श्री दत्ता ने इस कार्य की सराहना की और सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को उपयोग किये गए नारियल के खाली खोल को उद्यान शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उद्यान विभाग की अपर आयुक्त श्रीमती मलिका निगम नागर एवं उपायुक्त विनोद शुक्ल द्वारा नारियल में पौधे रोपित करने की जानकारी से निगम आयुक्त श्री दत्ता को अवगत कराया था।
नगर निगम भोपाल द्वारा अपनी नर्सरियों में पॉलीथीन में पौधे रोपित कर विकसित किये जाते है। अब नारियल के खाली खोल में पौधे रोपित कर विकसित किये जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।