नेपाल में फंसे 15 भारतीयों की मदद के लिए विदेश मंत्री ने बढ़ाया हाथ, दूतावास को दिया निर्देश

नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में पिछले दो दिनों से फंसे 15 भारतीयों की मदद के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आगे आई हैं। उन्होंने शनिवार को नेपाल में भारत के राजदूत मनजीव सिंह पुरी से इन भारतीयों की मदद करने को कहा है। 

मामले में सर्जन अमित थठानी ने विदेश मंत्री के ट्विटर हैंडल को टैग करते हुए ट्वीट किया था, 'फिलहाल दो दिनों से नेपाल के लुकला में फंसे हुए हैं, लूटने पर अमादा हेलीकॉप्टर कंपनी ने हमें प्रति व्यक्ति 600 डॉलर (40 हजार रुपये से अधिक) का भुगतान करने पर भी काठमांडू पहुंचाने से इनकार कर दिया है।' इसके साथ ही थठानी ने यह भी जिक्र किया कि काठमांडू से लुकला आने के लिए उन्होंने प्रति व्यक्ति 200 डॉलर यानी 13 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किया था। हम लोग यहां से निकाले जाने के इंतजार में हैं। क्या आप मदद कर सकती हैं?विदेश मंत्री ने थठानी के ट्वीट को नेपाल में मौजूद भारतीय दूतावास को फॉरवर्ड करते हुए लिखा, 'मंजीव- कृपया इसे देखें।' इसके बाद दूतावास ने जवाब दिया, 'मिशन उनके संपर्क में है। खराब मौसम के कारण लुकला से फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। हम उन्हें हेलीकॉप्टर से निकालने की कोशिश कर रहे हैं।' 


वहीं, एक अन्य भारतीय सौरव घोष ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'कृपया यहां से बाहर निकालने में हमारी सहायता करें क्योंकि हम लुकला में दो दिनों से फंसे हुए हैं और हेलीकॉप्टर ऑपरेटर लोगों को यहां से बाहर ले जाने के लिए बहुत ज्याद पैसे की मांग कर रहे हैं।'  इस मामले को लेकर कई अन्य ट्विटर यूजरों ने भी भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों को टैग करते हुए उन्हें बाहर निकालने का अनुरोध किया। 


बता दें कि लुकला 2,860 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसे माउंट एवरेस्ट का गेटवे माना जाता है। इस हवाई अड्डे को दुनिया का सबसे खतरनाक माना जाता है। 

Leave a Reply