नेसडेक ने भी बागान की जीत को याद किया
मोहन बागान दिवस-2020 के अवसर पर अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज (नेसडेक) ने भी कोलकाता के इस महान फुटबॉल क्लब की पहली गौरवपूर्ण जीत को याद किया है। इस मौके पर टाइम्स स्क्वॉयर में उसने अपने बिलबोर्ड पर बागान क्लब के लोगो और रंगों को प्रदर्शित किया। यह महरून और हरे रंग से प्रकाशित है, जो मोहन बागान की जर्सी का प्रतीक है।
क्लब ने अपने ट्विटर हैंडल पर नेसडेक बिलबोर्ड की उन तस्वीरों को पोस्ट कर खुशी जाहिर की है और इस दिन को बागान के लिए यादगार बताया है। 29 जुलाई 1911 को क्लब ने प्रतिष्ठित आईएफए शील्ड टूर्नामेंट जीता था और यह उपलब्धि हासिल करने वाला वह एकमात्र भारतीय क्लब बना था। इसी लिए 29 जुलाई को 'मोहन बागान दिवस' मनाया जाता है। स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में मिली उस जीत ने देश को गर्व का अहसास कराया था। लोगों में उम्मीद बंधी थी कि वे अंग्रेजों को भी हरा सकते हैं।
तब बागान ने फाइनल में ईस्ट यॉर्कशायर रेजिमेंट को पराजित किया था। क्लब ने इस एतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए 2001 से हर साल 29 जुलाई को 'मोहन बागान दिवस' मनाने का फैसला किया था।
इस प्रतिष्ठित क्लब की स्थापना 1889 में हुई थी। उसने तीन बार नेशनल फुटबॉल लीग और दो बार आई-लीग जीती है। इसी साल क्लब का इंडियन सुपर लीग (आईएसएन) क्लब एटीके एफसी के साथ विलय हुआ है।
फीफा ने बधाई दी
विश्व फुटबॉल की शीर्ष संचालन संस्था (फीफा) ने भी भारत के सबसे पुराने फुटबाल क्लब मोहन बागान के अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज (नैस्डैक) पर आने के लिए बधाई दी है। फीफा ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘जब आप न्यूयार्क टाइम्स स्क्वायर के बिलबोर्ड पर चमचमाते हैं तो आप जानते हो कि आप महज एक क्लब से ज्यादा अधिक महत्व रखते हो।’ फीफा ने लिखा, ‘दुनिया के सबसे ज्यादा जुनूनी समर्थकों के क्लबों में से एक को ‘हैपी मोहन बागान दिवस 2020।’’ क्लब ने पहले ट्वीट किया था, ‘नैस्डेक की फोटो इस बात को दिखाती है कि बागान एक अलग ही लीग में शामिल है। बागान के लिये यह काफी अहम दिन है। हैप्पी मोहन बागान डे मैराइनर्स।’
इस अवसर पर मोहन बागान के एक अधिकारी ने कहा, ‘बागान के सभी प्रशंसकों और समर्थकों के लिये यह बहुत गर्व की बात है। इससे क्लब के कद का पता चलता है। भारतीय खेलों में कोई भी क्लब इस तरह के मुकाम पर नहीं पहुंचा, इसलिये यह बहुत ही महत्व रखता है जो बहुत अलग है।’ बागान बुधवार को उस समय दुनिया भर में छा गया जब वह न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वायर पर नैस्डेक बिलबोर्ड पर आने वाला भारत का पहला क्लब बना।
