नोएडा में आरोपी ने शादी का झांसा देकर असम की युवती से किया रेप, केस दर्ज

नोएडा । उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में रह रही पूर्वोत्तर की एक युवती के साथ एक युवक ने शादी का झांसा देकर रेप की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में युवती ने स्थानीय पुलिस थाने में केस दर्ज कराया है। इस बारे में अपर पुलिस उपायुक्त विशाल पांडे ने बताया कि यहां रह रही असम की एक युवती का आरोप है कि लोकेश नामक एक व्यक्ति ने संपर्क में आने के बाद अपने को अविवाहित बताकर उसके साथ दोस्ती की तथा शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगा। उन्होंने आगे कहा कि युवती के अनुसार लोकेश ने उसके साथ काफी दिनों तक बलात्कार किया और बाद में युवती ने जब शादी के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगा। इसी बीच युवती को पता चला कि लोकेश शादीशुदा है। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी। 
अपर उपायुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट पीड़िता ने थाना नॉलेज पार्क में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों भी नोएडा में एक रेप का मामला सामने आया था। तब नोएडा के कासना थाना क्षेत्र स्थित एक गांव से किशोरी को अगवा कर उससे बलात्कार के आरोपी उसके मामा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना कासना क्षेत्र के डाढा गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी को पलवल निवासी प्रमोद कुछ दिन पहले बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना कासना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर, उसके कब्जे से अपहृत किशोरी को बरामद कर लिया है। 
मीडिया प्रभारी ने बताया कि चिकित्सीय परीक्षण में यह बात सामने आयी है कि आरोपी ने किशोरी से काफी दिनों तक बलात्कार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply