नौकरी और शादी न होने से परेशान एक शख्स ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख आत्महत्या की अनुमति मांगी

पुणे. यहां एक 35 वर्षीय शख्स ने नौकरी और शादी से न हो पाने से परेशान होकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सुसाइड करने की अनुमति मांगी है। जांच में सामने आया है कि यह शख्स अच्छे परिवार से है और अपने माता-पिता के साथ पुणे में रहता है।
मामले की जांच करने वाले दत्तावड़ी थाने के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर देवीदास घेवारे ने कहा, "यह पत्र 15-20 दिन पहले लिखा गया है। पत्र के अनुसार 35 वर्षीय शख्स का मानना है कि वह अपने माता-पिता के लिए कुछ नहीं कर रहा है। वह अपने कैरियर और शादी न होने से परेशान है। फिलहाल वह ठीक है।"
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में शख्स ने अपनी 70 वर्षीय मां और 83 वर्षीय पिता का भी जिक्र किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "उसे लगता है अपने माता पिता के लिए वह कुछ नहीं कर पा रहा है। शादी करने को लेकर भी शख्स को समस्याएं आ रही हैं। हमने उससे संपर्क किया है।"
