नौसैनिक अड्डे पर मान गया सेशेल्स, हिंद महासागर में बढ़ेगी भारत की सामरिक ताकत

नई दिल्ली। चीन द्वारा हिंद महासागर में अपनी सामरिक शक्ति बढ़ाने की कवायद के बीच सेशेल्स आखिरकार भारत के साथ मिलकर एजम्प्शन आइलैंड में नौसैनिक अड्डा बनाने के लिए तैयार हो गया है। इस परियोजना से भारत को हिंद महासागर क्षेत्र में सामरिक लाभ मिलेगा। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फॉर के बीच बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच यह सहमति बनी। इसे हिंद महासागर में जिबूती बेस के जरिये ताकत बढ़ा रहे चीन को भारत का करारा जवाब माना जा रहा है।


नौसैनिक अड्डे के बारे में मोदी ने कहा कि हम एक-दूसरे के अधिकारों का ध्यान रखते हुए एजम्प्शन आइलैंड परियोजना पर साथ मिलकर काम करने को सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स प्रमुख सामरिक सहयोगी हैं। हम लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों का सम्मान करते हैं और हिंद महासागर में शांति, सुरक्षा और स्थिरता कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

फॉर ने कहा कि एजम्प्शन आइलैंड परियोजना पर हमारी चिंता दूर हो गई है। दोनों देश एक-दूसरे के हितों को ध्यान में रखते हुए साथ मिलकर काम करने पर सहमत हैं। भारत ने सेशेल्स को रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए 10 करोड़ डॉलर (लगभग 680 करोड़ रुपये) कर्ज देने का भी एलान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने फॉर के साथ संयुक्त रूप से मीडिया को दिए बयान में कहा कि इस कर्ज से सेशेल्स अपनी समुद्री क्षमता बढ़ाने के लिए रक्षा उपकरण खरीद सकेगा।


भारत ने पलटी हारी बाजी-

सेशेल्स को एजम्प्शन आइलैंड में नौसैनिक अड्डा बनाने के लिए तैयार करना मोदी सरकार की बड़ी कूटनीतिक कामयाबी मानी जा रही है।


-कुछ ही दिन पहले डैनी फॉर ने कह दिया था कि जब वह भारत जाएंगे तो पीएम मोदी के साथ एजम्प्शन आइलैंड परियोजना पर कोई बात नहीं करेंगे।


-उन्होंने कहा था कि इस इलाके में हमारा अपना सैन्य अड्डा होना बहुत जरूरी है। हम अगले साल अपने पैसे से खुद सैन्य अड्डे का निर्माण करेंगे।


-उस समय इसे भारत की हार और चीन की जीत के रूप में देखा गया था। लेकिन, भारतीय कूटनीतिज्ञों ने हारी बाजी को पलटकर चीन की चिंता बढ़ा दी है।


2015 में हुआ था समझौता-


दोनों देशों के बीच 2015 में समझौता हुआ था कि वे संयुक्त रूप से इस द्वीप को सुरक्षा के लिए इस्तेमाल करेंगे। लेकिन, सेशेल्स में विपक्ष के विरोध के चलते इस पर काम आगे नहीं बढ़ रहा था। सोमवार को बनी सहमति के बाद इस परियोजना के काम में तेजी आने की उम्मीद है।


दोनों देशों में छह समझौते दोनों देशों ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान फॉर ने बहुपक्षीय कारोबार समझौतों और रक्षा को लेकर मोदी की दूरदर्शिता की प्रशंसा की। भारत मंगलवार को सेशेल्स को दूसरा डोर्नियर विमान भी देगा। मोदी ने 2015 के दौरे के समय सेशेल्स को यह विमान देने का वादा किया था।


बेहोश हुए जवान से मोदी ने कहा, सेहत का ध्यान रखो-


सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फॉर को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के दौरान वायुसेना का एक जवान गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर गया, तो मोदी ने उसे सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी। फॉर अपने पहले द्विपक्षीय दौरे पर भारत आए हुए हैं। राष्ट्रपति भवन में सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जवान का हालचाल जानने उसके पास पहुंचे। उन्होंने जवान से कहा कि वह अपनी सेहत का ध्यान रखे।


Leave a Reply