पंचानन बिल्डिंग में देर रात लगी भीषण आग, रिकॉर्ड रूम जलकर हुआ खाक
भोपाल। राजधानी भोपाल में टीटी नगर थाना इलाके में स्थित न्यू मार्केट के पास मालवीय नगर स्थित पंचानन बिल्डिंग में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण थी, कि छह से अधिक फायर स्टेशन से 15 से अधिक फायर की 25 दमकलों के साथ ही मंत्रालय और भेल तक की फायर टीम को बुलाना पड़ा। इसके साथ ही वाटर टैंकरो और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की मदद से लगभग 35-40 कर्मचारियों ने 3 घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग पंचांनन बिल्डिंग के छठवे माले पर स्थित रिकॉर्ड रूम में लगी थी, भीषण आग में पूरा रिकॉर्ड रूम जलकर राख हो गया। अग्निकांड में इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस बिल्डिंग में कई ऑफिस हैं। निगम के फायर ऑफिसर रफीउद्दीन ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना वहां से गुजर रहे दो युवकों ने पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने इसकी जानकारी रात 3 बजकर 7 मिनट पर निगम के फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर अपने दल बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। फायर ऑफिसर रफीउद्दीन ने आगे बताया कि आग बिल्डिंग के टॉप पर एसी के आउट लगे हिस्से की जगह पर लगी थी। और तेजी से फैलती आग ने पूरे रिकॉर्ड रूम को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की भयावहता को देख फायर ऑफिसर द्वारा मौके पर माता मंदिर, पुल बोगदा, बैरागढ़, भेल, मंत्रालय, फतेहगढ़ और कोलार फायर स्टेशन की टीमों के साथ ही वाटर टैंकरों और हाइड्रोलिक मशीन को भी बुलाया गया। फायर ऑफिसर के अनुसार बिल्डिंग में सीढ़ियों से होकर जाने का एक ही रास्ता था, और आग बुझाने के लिए लीड काफी लंबी होने के कारण हाइड्रोलिक मशीन की मदद से उस पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। फायर टीम ने आग को फैलने से रोकने के साथ ही उस पर काबू पाने की मशक्कत शुरू कर दी। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया निगम के फायर ऑफिसर रफीउद्दीन का कहना है कि भीषण आग की चपेट में आकर छठे माले पर स्थित रिकॉर्ड रूम का सारा फर्नीचर, कंप्यूटर यहां रखी अलमारियां सहित सारा रिकॉर्ड और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत रही की आग छत पर लगे एसी के कई कंप्रेशेरो तक नहीं पहुंची वरना धमाकों के साथ हालत काफी भयानक हो सकती थी,और हादसा काफी भयावह हो जाता। मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है, कि आग शार्ट सर्किट से भड़की होगी और रात होने के कारण इसकी जानकारी नहीं होने से आग तेजी से फैल गई। पुलिस के अनुसार अग्निकांड की जांच की जा रही है। वही इस भीषण आग में लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। जिसका सही आंकड़ा जांच के बाद ही पता चलेगा।
