पंजाब उपचुनाव: 4 सीटों पर 66.50% मतदान, जलालाबाद में सबसे ज्यादा, फगवाड़ा में सबसे कम

पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सोमवार को 66.50 फीसदी मतदान हुआ। मतों की गिनती 24 अक्तूबर को होगी। चार विधानसभा क्षेत्रों में 7.68 लाख मतदाताओं ने 33 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। सिर्फ दाखा को छोड़कर सभी जगह वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से हुई। दाखा के गांव जांगपुर में बूथ कैप्चरिंग को लेकर अकाली-कांग्रेसी आमने-सामने हो गए।
दोनों तरफ से पत्थरों, तेज हथियारों और लाठियों से हमला किया गया। इसी दौरान फायरिंग भी की गई। इसमें दो लोग जख्मी हो गए। एक के गोली लगी है जबकि दूसरा तेजधार हथियार लगने से घायल हुआ है। वहीं जलालाबाद में कांग्रेसियों ने मार्केट कमेटी के पोलिंग बूथ के पास लगा अकालियों का टेंट उखाड़ दिया।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एस. करुणा राजू ने बताया कि विधानसभा हलका नंबर 29- फगवाड़ा में 55.97 फीसदी, विधानसभा हलका नंबर 39- मुकेरियां में 58.62 फीसदी, विधानसभा हलका नंबर 68- दाखा में 71.64 फीसदी और विधानसभा हलका नंबर 79- जलालाबाद में 75.46 फीसदी पोलिंग दर्ज की गई।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि सुबह वोट डालने से पहले करवाई गई मॉक पोल के दौरान 11 बैलेट यूनिट, 11 कंट्रोल यूनिट और 41 वीवीपैट मशीनें बदली गईं जबकि वोट डालने की प्रक्रिया के दौरान एक कंट्रोल यूनिट, 2 बैलेट यूनिट और 34 वीवीपैट मशीनों को बदला गया।
मुख्य मुकाबला
मुख्य मुकाबला कांग्रेस और अकाली दल-भाजपा गठबंधन के बीच है। इसके अलावा आप, बसपा और लोक इंसाफ पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। जलालाबाद सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई थी। दाखा सीट आप के एचएस फूलका के इस्तीफा देने से और फगवाड़ा सीट भाजपा के सोम प्रकाश के सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई थी।
मुकेरियां सीट कांग्रेस के विधायक रजनीश बब्बी के निधन के कारण खाली हुई थी। कांग्रेस ने जलालाबाद से पूर्व यूथ कांग्रेस प्रमुख रामिंदर आवला को, फगवाड़ा से बलविंदर सिंह धालीवाल, मुकेरियां से इंदु बाला और दाखा से संदीप सिंह संधू को मैदान में उतारा है।
भाजपा के सहयोगी अकाली दल ने दाखा से मनप्रीत सिंह अयाली और जलालाबाद से राज सिंह डिबीपुरा को उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने फगवाड़ा से राजेश बग्गा और मुकेरियां से जंगी लाल महाजन को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने मुकेरियां से प्रो. जीएस मुल्तानी, फगवाड़ा से संतोष कुमार गोगी, जलालाबाद से महिंदर कचूरा और दाखा से अमनदीप सिंह मोही को मैदान में उतारा है।
फगवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी, दाखा में कांग्रेस विधायक को चुनाव आयोग का नोटिस
मतदान के दौरान पार्टी के चुनाव चिह्न वाला मफलर पहनकर वोट डालने पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी बलविंदर सिंह धारीवाल को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर दिया है। एसडीएम लतीफ अहमद ने इस मामले को लेकर पोलिंग बूथ का स्टाफ भी बदल दिया। इसके अलावा दाखा में कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन संदीप संधू की ओर से अकाली उम्मीदवार मनप्रीत अयाली के खिलाफ चुनाव आयोग को शिकायत दी गई है कि अयाली द्वारा फेसबुक पर लाइव होकर लोगों से वोट डालने के लिए प्रचार किया गया।
वहीं, चुनाव आयोग ने कांग्रेस विधायक कुलबीर सिंह जीरा को अकाली दल की शिकायत पर नोटिस जारी किया है। अकाली दल ने आरोप लगाया है कि जीरा ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करके प्रचार अवधि खत्म होने के बावजूद मुल्लांपुर दाखा में प्रचार किया।
जलालाबाद – 75.46 फीसदी
दाखा – 71.64 फीसदी
मुकेरियां – 58.62 फीसदी
फगवाड़ा – 55.97 फीसदी
