पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल मेस में लड़कियों के मिनी स्कर्ट पर रोक हटी

अमृतसर। पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स के छोटे कपड़े पहनने पर लगाई गई पाबंदी को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए प्रशासन को अपना यह फैसला वापस लेना पड़ा है। पंजाब यूनिवर्सिटी हॉस्टल के मेस में लड़कियों के मिनी स्कर्ट पहनने पर लगाई गई पाबंदी के फैसले को शुक्रवार को यूनिवर्सिटी अथॉरिटिज ने वापस ले लिया।
इसके साथ ही, यूनिवर्सिटी अथॉरिटिज की तरफ से लाइब्रेरी के अंदर भी छोटे कपड़े पहनने पर लगी रोक अब हटा ली गई है। मुख्य लाइब्रेरी के अंदर लड़का और लड़की दोनों के ही छोटे कपड़े पहनकर अंदर जाने की मनाही थी।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर (गर्ल्स), अमृत पाल कौर ने बताया- " अब यूनिवर्सिटी कैम्पस में किसी तरह की कोई रोक नहीं है। लड़कियां अब कैम्पस के अंदर अपने च्वाइस के कपड़े पहन सकती हैं। मैंने स्टूडेंट्स और वार्डन से बात की है और इस मुद्दे को सुलझा लिया गया है।"
डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स यूनियन की सेक्रेटरी, गगनदीप कौर ने कहा- मैं अथॉरिटिज की तरफ से उठाए गए इस कदम की तारीफ करती हूं।
यूनिवर्सिटी में पढ़नेवाली एक अन्य छात्रा जसप्रीत कौरा ने कहा- अब हम अपने पसंद के कपड़े पहनकर लाइब्रेरी और मेस में जा सकते हैं। हम मेच्योर हैं और यह फैसला खुद कर सकते हैं कि हमें क्या पहनकर जाना है और क्या नहीं। यह सभी लड़कियों की नैतिक जीत है। कोई भी हम पर हुकूमत नहीं चला सकता है।
