पटना एर्नाकुलम एक्सप्रेस समेत बिहार के इन रेलवे स्टेशनों से चलेंगी समर स्पेशल ट्रेन

नई दिल्ली। पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 06359 और गाड़ी संख्या 06360 एर्नाकुलम पटना एर्नाकुलम साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के परिचालन तिथि को संशोधित किया है। यह ट्रेन गाड़ी संख्या 06360 पटना से प्रत्येक मंगलवार को 27 अप्रैल से खुलेगी। यह ट्रेन अगली सूचना तक चलाई जाएगी। वही वापसी में यह ट्रेन एर्नाकुलम से प्रत्येक शनिवार को 24 अप्रैल से चलनी शुरू हो गई है। पहले यह ट्रेन एर्नाकुलम से 1 मई से जबकि पटना से 4 मई से खुलनी थी। इस ट्रेन में यात्रियों को कोविड के नियमों का पालन करना होगा तथा स्पेशल किराया देना होगा।
समस्तीपुर से दानापुर के रास्ते यशवंतपुर तक चलाई जाने वाली गाड़ी संख्या 06579/06580 समस्तीपुर से 26 अप्रैल को एक ट्रिप चलेगी। पहले यह ट्रेन दो महीने तक चलाई जानी थी। पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। इसी कड़ी में पूर्व मध्य रेल ने पुणे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम जंक्शन, गया, किउल, जमालपुर के रास्ते भागलपुर तक स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू करने की घोषणा की है। यह ट्रेन भागलपुर से 25 अप्रैल से रविवार को खुलेगी। ट्रेन पूरी तरीके से आरक्षित होगी। यात्रियों को इसमें स्पेशल भाड़ा देना होगा।
पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए एक तरफा समर स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणा की है। दिल्ली से दरभंगा के बीच समर स्पेशल ट्रेन 26 अप्रैल को चलाई जाएगी। यह ट्रेन दिल्ली के बाद लखनऊ, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, ढोली, समस्तीपुर, हायाघाट, लहरिया सराय होते हुए दरभंगा पहुंचेगी। नई दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच 26 अप्रैल को एकतरफा नई दिल्ली सीतामढ़ी समर स्पेशल एक्सप्रेस चलाई जाएगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से खुलने के बाद लखनऊ, छपरा, दिघवारा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर होते सीतामढ़ी जाएगी।
