पटना : पुलिस लाइन में प्रशिक्षु सिपाही ने कर दी बहनोई के भाई की गोली मार कर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

पटना : राजधानी स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार की सुबह गोली चलने से एक युवक की मौत हो गयी. बताया जाता है कि मृतक पुलिस विभाग में तैनात कर्मी का ही बेटा था. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करते हुए जांच शुरू कर दी है. घटना के संबंध में पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, राजधानी स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार की सुबह गोली लगने से अगमकुआं थाने में ड्राइवर के पद पर तैनात राजेंद्र सिंह के बेटे दीपक को गोली मार दी गयी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में घायल युवक को पटना के तारा हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि दीपक को उसके बड़े भाई के साले दिलीप ने ही गोली मार दी है. दिलीप भी प्रशिक्षु सिपाही बताया जाता है. दीपक के बारे में बताया जाता है कि वह दिलीप के बहनोई का भाई था.
आसपास के लोगों ने बताया कि करीब चार राउंड फायरिंग की गयी. इस हादसे में एक हवलदार के भी घायल हो गया. घायल हवलदार ने साहस दिखाते हुए प्रशिक्षु सिपाही दिलीप को हथियार के साथ काबू कर लिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपित दिलीप को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.
