पटना में कैश डिपोजिट करने के दौरान 9 लाख की लूट, गार्ड को मारी गोली

पटना। पटना में बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए पॉश इलाके पाटलिपुत्र कॉलोनी से सटे अल्पना मार्केट में 9 लाख रुपये लूट लिए। वारदातों के बाद बदमाशों ने गार्ड को गोली मार दी तथा गार्ड की राइफल भी लूट ली, हालाकि बाद में पुलिस ने राइफल बरामद करने का दावा किया है। घटना उस वक्त हुई जब एटीएम में पैसा जमा कराने के लिए निजी एजेंसी के कर्मी अल्पना मार्केट में पहुंचे थे। इस दौरान कर्मियों ने खुले एटीएम में जब पैसे डालने की कोशिश की तब उसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने अचानक से कर्मियों पर हमला बोल दिया। जानकारी के अनुसार इस दौरान जब गार्ड ने राइफल उठाने की कोशिश की तब अपराधियों ने उस पर निशाना साधते हुए फायरिंग कर दी। हमले में गार्ड को गोली लग गई। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर सिटी एसपी विनय तिवारी समेत कई थानों की टीम पहुंची। सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी है। जिस तरीके से अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है उससे बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए है।
