पटियाला में दो सड़क हादसे; दो युवकों की मौत, 25 लोग घायल

पटियाला में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग जख्मी हो गए। पहला हादसा देवीगढ़ रोड स्थित सुनयारहेड़ी गांव के निकट हुआ। पटियाला से पेहवा जा रही PRTC बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसेे मेें बाइक सवार गुरप्रीत सिंह (26) निवासी गांव सवाई सिंह वाला पटियाला व शमशेर सिंह (20) निवासी गांव धानिया पटियाला की मौत हो गई। हादसा सुबह 10 बजे के बाद हुआ।
उक्त दोनों युवक आपस में दोस्त हैं और एसी रिपेयर का काम करते थे। दोनों शनिवार सुबह काम के लिए पटियाला की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान दोनों रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि किसी ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक सवार सामने से आ रही बस से टकरा गए।
वहीं, पटियाला के ही ब्लॉक नाभा में गांव केदुपुर के ही निकट एक अन्य सड़क हादसे में 25 लोग घायल हो गए। यहां अचानक एक टेंपो पलट गया। उक्त सभी व्यक्ति संगरूर के गांव माझी से पटियाला सरहिंद रोड स्थित गांव आनंदपुर केशो में गुरुद्वारा में माथा टेकने जा रहे थे। इस हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल पटियाला रेफर किया गया है।
