पति के साथ मिल प्रेमी को कुल्हाड़ी से काटा

रायबरेली । जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के गुरू का पुरवा मजरे सूरजकुंडा गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने बीती रात बहाने से अपने प्रेमी को घर बुलाया। इसके बाद पति के साथ मिलकर उसकी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने विवाहिता और उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के बेलाखारा गांव के रहने वाले फूलचंद्र (40) को बीती रात गुरू का पुरवा मजरे सूरजकुंडा निवासी उसकी प्रेमिका ने फोन करके बहाने से अपने घर बुलाया। युवक और विवाहिता को एक कमरे में देखकर पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पति को देखकर विवाहिता भी बदल गई और उसने पति के साथ मिलकर युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी राजकुमारी की तहरीर पर पुलिस ने विवाहिता कुसमा और पति लक्ष्मण के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी और लाठी डंडा बरामद कर लिया है।
