पति ने की पत्नी की हत्या, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मुंबई । महिलाओं के लिए सुरक्षित मुम्बई में एक व्यक्ति द्वारा अपनी ही पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक महिला के परिजनों का कहना है कि दहेज के लालच में उसके ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। मामला रविवार का है, जब मृतक फ़हीन (21) के घरवाले अपनी बेटी की खैरियत जानने उसे फोन कर रहे थे। पूरी घंटी बजने के बाद जब किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया तो घरवालों को संदेह हुआ है। परंतु उस समय किसी ने कोई कदम नहीं उठाया। 
अगले दिन सुबह लगभग 11 बजे फ़हीन के पति ने फोन कर बताया कि फहीन की तबियत बेहद खराब है, इसलिए वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। महिला के पति का फोन आते ही पूरे घर में चीख-पुकार मच गई और रोते- बिलखते महिला के घरवाले अस्पताल पहुंचे। हालांकि तब तक उनकी बेटी उन्हें छोड़ कर जा चुकी थी। परिवारवालों के अनुसार फ़हीन की जान उसके ही पति इमाम ने दहेज के कारण ली है। आरोपी पति पहले से शादीशुदा है और उसे 4 बच्चे भी हैं। इसके बावजूद फहीन ने इमाम से पहले प्यार किया और फिर शादी। हालांकि फ़हीन के पिता ने इस शादी का विरोध किया था, लेकिन फहीन की ज़िद के कारण उसकी शादी इमाम से कर दी गई। फिलहाल इस मामले में कांदिवली पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले कर पूछताछ कर रही है। 

Leave a Reply