पत्नी के रस्सी से हाथ बांधकर चौथी मंजिल से नीचे फेंका

आगरा के ताजगंज में एक 30 साल की महिला ब्लॉगर को उसके पति ने हाथ बांधकर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पति से अलग होने के बाद महिला अपने फेसबुक फ्रेंड के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना नगला मेवाती इलाके में स्थित ओम श्री अपार्टमेंट में सुबह करीब 11 बजे घटित हुई। शुक्रवार को आकाश दो महिलाओं समेत चार लोगों के साथ फ्लैट पर पहुंचा। जैसे ही वे अंदर दाखिल हुए, उन्होंने कथित तौर पर विपुल और रितिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। विपुल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उसके हाथ स्कार्फ से बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया।
इसके बाद रितिका के हाथ रस्सी से बांधे और उसे फ्लैट की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। विपुल ने आरोप लगाया कि आकाश उसे भी मारना चाहता था लेकिन वह वॉशरूम की खिड़की का शीशा तोड़कर पड़ोसियों का ध्यान खींचते हुए चिल्लाने लगा। जैसे ही पड़ोसी फ्लैट के बाहर जमा हुए, उनमें से दो पुरुष भाग गए जबकि आकाश और दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस आगे की जांच के लिए अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
