परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा करने उत्तर कोरिया जाएंगे पोंपियो

वाशिंगटन। भारत के साथ छह जुलाई को होने वाली "टू प्लस टू" वार्ता स्थगित करने वाले अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो इस सप्ताह उत्तर कोरिया का दौरा करेंगे। वह पांच से सात जुलाई तक उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में रहकर परमाणु निरस्त्रीकरण समझौते को शीघ्र लागू करने के मसले पर चर्चा करेंगे।
पोंपियो ने पिछले हफ्ते भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को फोन कर वाशिंगटन में भारत और अमेरिका के बीच होने वाली "टू प्लस टू" वार्ता स्थगित करने की सूचना दी थी।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा, कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु मुक्त करने के महत्वपूर्ण काम को जारी रखने के लिए विदेश मंत्री पोंपियो उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और उनकी टीम से मुलाकात करेंगे। उत्तर कोरिया के बाद वह जापान, वियतनाम और संयुक्त अरब अमीरात भी जाएंगे।
प्रवक्ता ने मीडिया में आई उन खबरों पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया जिनमें कहा गया था कि उत्तर कोरिया परमाणु हथियार और मिसाइल कार्यक्रम को छुपाने की तैयारी कर रहा है।
