परिणाम की तारीख का ऐलान होते ही हेल्पलाइन पर उमड़े छात्र

भोपाल. एमपी बोर्ड की कक्षा दसवीं का रिजल्ट (MP Board 10th Result 2020) आज यानी 4 जुलाई, 2020 को घोषित होने जा रहा है. रिजल्ट की तारीख घोषित होने के साथ ही छात्रों ने एमपी बोर्ड की हेल्पलाइन पर कॉल करना शुरू कर दिया था. रिजल्ट की तारीख घोषित होने से पहले करीब एक लाख से ज्यादा छात्रों ने सवाल जवाब किए हैं.कक्षा दसवीं के छात्रों ने रिजल्ट को लेकर एमपी बोर्ड की हेल्पलाइन पर सवाल किए. शुक्रवार को ही एक दिन में करीब 800 से 1200 से फोन कॉल्स की गईं. अब तक रिजल्ट को लेकर रिकॉर्ड एक लाख से ज्यादा छात्रों की कॉल एमपी बोर्ड की हेल्पलाइन में की जा चुकी है. वहीं बीते 10 दिनों से रोजाना एक हज़ार से ज्यादा कॉल हेल्पलाइन पर पहुंच रहे हैं. इसमें कक्षा 10वीं के साथ 12वीं के छात्र भी शामिल है. सुबह करीब 391 छात्रों, दोपहर में 341छात्रों और शाम को करीब 535 छात्रों ने कॉल किया.

छात्रों ने किए रिजल्ट से जुड़े सवाल
दसवीं कक्षा का रिजल्ट आज 12:00 बजे घोषित होना है. रिजल्ट की तारीख घोषित होने के साथ माध्यमिक शिक्षा मंडल हेल्पलाइन की घंटी खूब बजी जिसमें छात्रों ने रिजल्ट को लेकर कई तरह के सवाल किए. नंबर कम आने से लेकर कक्षा दसवीं के बाद कौन से विषय का चयन करें, माता-पिता की उम्मीद के अनुसार अगर परसेंटेज नहीं आते हैं तो उनको किस तरह से समझाएं. वहीं रिजल्ट घोषित होने से पहले तनाव को लेकर भी छात्रों ने सवाल जवाब किए.

कक्षा दसवीं में साढ़े 11 लाख परीक्षार्थी हुए शामिल
एमपी बोर्ड की कक्षा दसवीं में इस बार प्रदेश भर से साढ़े 11 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए हैं. बता दें कि पहले कक्षा दसवीं का रिजल्ट 25 से 30 जून के बीच घोषित किया जाना था लेकिन अब रिजल्ट आज यानी 4 जुलाई को घोषित हो रहा है. यह पहली बार है जब ऑनलाइन रिजल्ट घोषित किया जाएगा. स्टूडेंट्स इस बार रिजल्ट घोषित होते समय शामिल नहीं होंगे. संकट काल के चलते ही इस बार स्टूडेंट्स को रिजल्ट घोषित करते समय नहीं बुलाया गया है.

Leave a Reply