पश्चिम बंगाल के हुगली में नहर में तैरता मिला BJP नेता का शव, इलाके में फैली सनसनी

नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का दौर है कि थमने का नाम ही नहीं ले रहा. राज्य में एक के बाद एक बीजेपी नेताओं की हत्या हो रही हैं. हाल ही का मामला हुगली के गायघाट का है, जहां एक नहर में बीजेपी कार्यकर्ता का शव बरामद हुआ है. शव भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता काशीनाथ घोष का है. काशीनाथ घोष का शव मिलने के बाद भाजपा ने टीएमसी कार्यकर्ता लालचंद बाग के हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. भाजपा का आरोप है कि घोष की हत्या के पीछे लालचंद बाग का हाथ हो सकता है.
वहीं भाजपा के आरोपों को टीएमसी ने खारिज करते हुए कहा है कि यह भाजपा कार्यकर्ता के आपसी झगड़े या दुश्मनी का नतीजा हो सकता है. टीएमसी का घोष की हत्या से कोई लेना-देना नहीं है. बीजेपी का कहना है कि काशीनाथ घोष पार्टी का एक सक्रिय कार्यकर्ता था और इलाके में लोग उसे काफी पसंद भी करते थे और हो ना हो इसी के चलते काशीनाथ की हत्या की गई है. 
बता दें यह पहली बार नहीं है जब पश्चिम बंगाल में इस तरह की वारदात सामने आई हो. पश्चिम बंगाल में आए दिन इस तरह की राजनीतिक हिंसा के चलते पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्याओं का मामला सामने आता रहता है. इससे पहले राज्य के उत्तर परगना में कथित तौर पर एक बीजेपी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वहीं बीते दिनों बीरभूम जिले के पारूई में भी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष को लेकर क्षेत्र में तनाव की खबर सामने आई थी.
 

Leave a Reply