पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस आरके पचनंदा बने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन के चेयरमैन

आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के कार्यकाल में नियुक्त हुए हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) के चेयरमैन मनबीर भड़ाना का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। उनके द्वारा पदभार छोड़ने के बाद आईपीएस एनडीआरएफ के डीजी रहे आरके पचनंदा एचपीएससी की कमान संभालेंगे। भड़ाना पूर्व सीएम हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। 
वहीं नए चेयरमैन आईपीएस आरके पचनंदा भी वर्तमान सरकार की पसंद बताए जा रहे हैं। चूंकि यह संवैधानिक पद है, इसलिए पचनंदा अब आगामी छह साल या 62 वर्ष उम्र तक ये पदभार संभालेंगे। चेयरमैन भी सरकार की पंसद का लगने के बाद अब एचपीएससी की कार्यप्रणाली में काफी हद तक बदलाव की संभावनाएं हैं, क्योंकि चेयरमैन के साथ कुल आठ सदस्यों में से 6 सदस्य इसी सरकार ने नियुक्त किए हैं। 

इन सदस्यों में नीता खेड़ा, कुलबीर छिक्कारा, वंदना शर्मा, जयभगवान गोयल, सुरेंद्र सिंह व डॉक्टर पवन कुमार शामिल है। जबकि सदस्यों नीलम सिंह व राजेश वैध को पूर्व हुड्डा सरकार में लगाया गया था। आज शाम को हरियाणा के गवर्नर सत्यदेव नारायण आर्य एचपीएससी के नए चेयरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे। 
उसके बाद आईपीएस पचनंदा अपना पदभार संभालेंगे। सूत्रों की माने तो अभी एचपीएससी की कार्यप्रणाली से सरकार संतुष्ट नहीं है। एचपीएससी की कई भर्तियां न केवल विवादों में घिरी हुई हैं, बल्कि कई भर्तियां अदालती कार्रवाई में फंसी हुई है।

सरकार चाहती है कि सभी भर्तियां क्लियर हों और योग्य अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर नौकरी मिले। सरकार को उम्मीद है कि नए चेयरमैन की नियुक्ति के बाद इस दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।

आर्म्ड फोर्सिस व इंटरपोल में भी रहे चुके पचनंदा
एनडीआरएफ के डीजी आरके पचनंदा कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस पचनंदा सीआरपीएफ के एडीजी, कोलकाता के कमीशनर, सीआईएसएफ के एडीजी, वेस्ट बंगाल आर्म्ड फोर्स के एडीजी, कोलकाता के स्पेशल कमीशनर ऑफ पुलिस, बीएसएफ के साउथ बंगाल फ्रटिंयर के आईजी, बीएसएफ ऑपरेशन के डीआईजी, कोलकाता साउथ डिविजन व स्पेशल ब्रांच के के डीसीपी, चंडीगढ़ में सीबीआई (एंटी क्रप्शन ब्रांच) के एसपी, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप के सहायक निदेशक व दार्जिलिंग के एएसपी जैसे पदों पर काम कर चुके हैं।

2007 में उन्हे राष्ट्रपति पुलिस पदक समेत कई बड़े सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इंटरपोल में भी सेवाएं दे चुके पचनंदा दो टेररिज्म पर पुस्तकें भी लिख चुके हैं। वे चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के टेनिस चैंपियन भी रह चुके हैं।

कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। सभी के सहयोग से हमने बहुत से पदों पर नियुक्तियां की। कई नियुक्तियां अभी प्रक्रिया में है। कार्यकाल चुनौतीपूर्ण भी रहा। नए चेयरमैन को मेरी शुभकामनाएं। -मनबीर भडाना, एचपीएससी चेयरमैन
 

Leave a Reply