पहरे में ‘पद्मावत’ रिलीज, 4 राज्यों में स्क्रीनिंग नहीं, गाजियाबाद में बस में तोड़फोड़

नई दिल्ली संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' तमाम विरोध और प्रदर्शन के बाद आज देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा के साथ ये फिल्म देशभर के 7000 स्क्रीनों पर रिलीज हो रही है. फिल्म का विरोध कर रही करणी सेना ने आज देशव्यापी बंद का ऐलान किया है. विरोध के चलते गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गोवा में सिनेमाघर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया है. पटना में भी फिल्म की रिलीज को रोक दिया गया है. करणी सेना और राजपूत संगठनों से जुड़े लोगों का फिल्म की रिलीज के दिन भी प्रदर्शन जारी है.
यूपी में रोडवेज की बस में तोड़फोड़
यूपी के गाजियाबाद में पद्मावत की रिलीज के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस में तोड़फोड़ की. बीती देर रात कड़कड़ मॉडल गांव के सामने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस में आगजनी और तोड़फोड़ की कोशिश की गई. पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया है.
विरोध से डरे सिनेमाघरों के मालिक
पद्मावत की रिलीज के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन से सिनेमाघरों के मालिक भी डरे हुए हैं. जिसका उदाहरण मुंबई के स्टर्लिंग सिनेमा में देखने को मिला. जहां फर्स्ट शो के लिए सिर्फ 10% ही टिकटों की बुकिंग हुई है. उधर, कोलकाता में संजय लीला भंसाली की फिल्म बिना किसी विरोध के शांति से रिलीज हो रही है.
विरोध के चलते सुरक्षा इंतजाम
वहीं पुलिस और प्रशासन ने फिल्म की रिलीज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का दावा किया है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है. राजधानी दिल्ली में थिएटरों के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है. वहीं गुरुग्राम में पहले ही धारा 144 लगा दी गई है.
स्कूल बस हमले की प्रकाश राज ने निंदा की
प्रकाश राज ने बुधवार को स्कूल बस में हुए हमले की घोर निंदा की है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, मेरे देश के बच्चे डर के माहौल में जी रहे हैं. क्योंकि करणी सेना ने स्कूल बस पर हमला किया है. जनता द्वारा चुनी गई सरकार का ध्यान कहीं और है, वहीं विरोधी पार्टी डिप्लोमेटिकली रिएक्ट कर रही है. क्या हम सभी के बच्चों की सुरक्षा के लिए शर्मिंदा नहीं हैं? सब कुछ बस वोट बैंक के लिए.
फिल्म को लेकर उत्साहित हैं दीपिका
फिल्म में रानी पद्मावती का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने कहा कि वे इस की रिलीज और लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर काफी उत्साहित हैं. दीपिका ने अपने सभी क्रू सदस्यों की ओर से फिल्म का समर्थन करने वालों को शुक्रिया कहा.
करणी सेना में मतभेद
पद्मावत विरोध को लेकर करणी सेना भी मतभेद सामने आने लगे हैं. अहमदाबाद हिंसा के बाद सरकार ने भी अलग अलग राजपूत ग्रुपों के साथ बैठक की. इसमें राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने एलान किया कि वो 25 जनवरी भारत बंद के ऐलान को अपना समर्थन नहीं देते. वहीं करणी सेना के लोकेन्द्र सिंह कल्वी गुट के अर्जुन सिंह गोहिल का कहना है कि भारत बंद जारी रहेगा.
पद्मावत के खिलाफ उग्र विरोध
फिल्म पद्मावत का विरोध इस हद तक बढ़ गया है कि बुधवार को गुरुग्राम में उपद्रवियों ने पहले रोडवेज की एक बस को फूंक दिया. फिर सोहना रोड पर उपद्रवियों ने जीडी गोयनका स्कूल की बच्चों से भरी बस पर पथराव किया. बच्चों ने सीट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई.
