पहली बार घर खरीदने वालों को मोदी सरकार ने दी बड़ी राहत

नई दिल्ली । पहली बार घर खरीदने की हसरत रखने वाली शहरी जनता को मोदी सरकार ने सोमवार बड़ी राहत दी। इस राहत के तहत पहली बार खरीदने के लिए होम लोन के ब्याज पर मिलने वाली सब्सिडी स्कीम को केंद्र सरकार ने अब मार्च 2020 तक जारी रखने का फैसला किया है। इस स्कीम के तहत उन लोगों को फायदा मिलता है,जिनकी सालाना आय 6 से 18 लाख रुपए के बीच होती है। इस फैसले के बाद पहली घर खरीदने वालों को केंद्र सरकार की ओर से करीब 2.5लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता मिलेगी, जिसका वे मकान की बुकिंग, कंस्ट्रक्शन या फ्लैट रिपरचेज में इस्तेमाल कर सकते है।
बुधवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, मिडिल इनकम ग्रुप में क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम की परफॉर्मेंस बेहद अच्छी रही है। साल के आखिर तक इस योजना से लाभान्वित होने वालों की संख्या 1 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। बता दें कि अभी तक इस आय वर्ग के करीब 93000 लोगों ने केंद्र सरकार से 1960 करोड़ रुपए की ब्याज सब्सिडी हासिल की है। यह छूट उन्हें बैंकों के जरिए मिली है।
इस स्कीम की घोषणा पीएम नरेंद्र मोदी ने 31 दिसंबर 2016 को किया था। इसके जरिए मिडिल क्लास के दो आय वर्ग को घर खरीदने में सरकारी मदद मिलती है। स्कीम की समयावधि पहले भी दो बार बढ़ाई जा चुकी है। इससे पहले,इसकी डेडलाइन मार्च 2019 तक थी। अधिकारियों का मानना है कि इस स्कीम की वजह से मिडिल इनकम ग्रुप से जुड़े बहुत सारे लोगों को नया घर खरीदने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही यह देशभर के बिल्डरों के लिए भी अच्छा संकेत है, जिन्होंने इस आय वर्ग को ध्यान में रखकर कई प्रोजेक्ट लांच किए हैं। वहीं, बैंकों ने भी मिडिल क्लास की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई आकर्षक ब्याज स्कीमें उतारी हैं। सरकार को उम्मीद है कि अभी भी बड़ी तादाद में लोग इस स्कीम से जुड़ने बाकी हैं।
