पिता के जन्मदिन पर बेटी ने दिया लीवर, कनाडा से आया युवक इतना प्रभावित हुआ कि शादी करने की ठान ली

सूरत. गुजरात के सूरत में एक बेटी ने अपने पिता के जन्मदिन पर उन्हें लीवर देकर नई जिंदगी दी, तो कनाड़ा से सूरत आया एक युवक इतना प्रभावित हुआ कि उसी से ही शादी करने का फैसला किया। आखिरकार, दोनों पक्षों को राजी हुए। 3 साल पहले की ये कहानी आज भी जीवन में पिता की महत्ता बताती है। फादर्स डे पर भास्कर ने एक डायमंड कंपनी में मैनेजर पद से सेवानिवृत्त हुए विश्वजीत मेहता, उनकी बेटी भावी और तेजस से बातचीत की।
अडाजण निवासी विश्वजीत मेहता को 2014 में लीवर की समस्या हुई। 2016 में डॉक्टर ने लीवर ट्रांसप्लांट करवाने को कहा। विश्वजीत की बेटी भावी को इसकी जानकारी हुई तो उसने उन्हें लीवर देने का फैसला किया। 12 मई 2016 को पिता के जन्मदिन पर भावी ने उन्हें लीवर दे दिया। भावी से प्रभावित होकर तेजस उनसे शादी करने कनाडा से आ गए थे।
तेजस: मैंने तय किया था कि शादी तो भावी से ही करूंगा
कनाडा में रहने वाले तेजस त्रिवेदी बताते हैं कि तीन साल पहले वे शादी के सिलसिले में सूरत आए थे। यहां परिजनों ने रिश्ते के लिए कुछ जगहों पर बात कर रखी थी। सभी परिवार सकारात्मक थे। उसी दौरान मुझे पता चला कि हमारे समाज की एक लड़की ने अपने पिता को लीवर डोनेट किया है। मैंने लड़की से मिलने का फैसला किया। परिवार के सदस्यों ने मुझे बताया कि भावी ने लीवर डोनेट किया है। लेकिन, मैंने किसी की परवाह किए बिना शादी करने की जिद की। आज हम दोनों कनाडा में रह रहे हैं। 11 महीने का एक बच्चा भी है।
विश्वजीत मेहता: बेटी जिद पर अड़ गई, कहा- वह मुझे जिंदगी का सबसे बड़ा गिफ्ट देना चाहती है
लीवर प्रत्यारोपण के बाद पिता विश्वजीत मेहता कहते हैं- 'दुनिया में मेरी दो मां हैं। एक जन्म देने वाली है। और दूसरी मेरी मां बेटी, जिसने मुझे लीवर देकर नया जन्म दिया है। वह बताते हैं- 2014 में मुझे लीवर की समस्या का पता चला। मैं रिस्क लेकर परिवार के साथ सिंगापुर गया। वापस आने पर ऑपरेशन करवाना था। 10 लोग लीवर देने के लिए तैयार थे, लेकिन बेटी भावी ने जिद पकड़ ली कि वही लीवर देगी। उसने कहा कि ऑपरेशन वाले दिन आपका बर्थ डे है और मैं लीवर देकर आपको जिंदगी का सबसे यादगार गिफ्ट देना चाहती हूं। यह सुनकर मित्रों ने कहा कि अपनी बेटी की जिंदगी क्यों खराब करना चाहते हो? इसके बावजूद मेरी बेटी ने ही मुझे लीवर दिया।
भावी: पिता का ऋण चुकाने का मौका मैं खोना नहीं चाहती थी
पापा के ऑपरेशन के एक दिन पहले मैं बहुत ही नर्वस थी। उसी ही दिन एक लड़की भी अपने पिता को लीवर डोनेट करने जा रही थी। मैं उससे मिलने गई। उसने मुझसे कहा कि तुम लकी हो, क्योंकि तुम्हें पिता का ऋण चुकाने का मौका मिला है। सभी इतने भाग्यशाली नहीं होते हैं। तुम चिंता छोड़ो और पिता के साथ खड़ी रहो। सबकुछ अच्छा होगा। यह सुनकर मैं बहुत मोटिवेट हुई थी। उसके बाद मेरा डर गायब हो गया। उस समय मेरी जिंदगी में मेरे माता-पिता और संबंधियों को सिवाय कोई नहीं था। हम भविष्य में आने वाले व्यक्ति की चिंता करते हैं, लेकिन जन्म देने वाले की चिंता ज्यादा करनी चाहिए। लीवर देकर भावी ने अपने पिता से कहा- मैं आपको जीवन का सबसे यादगार उपहार देना चाहती थी।
क्या है लीवर ट्रांसप्लांट
डोनर स्वस्थ्य लीवर में से कुछ हिस्से को डोनेट कर सकता है। लेकिन, डोनर की जिंदगी को खतरा रहता है। चूंकि, कुछ माह चुनौती भरे रहते हैं। हालांकि बाद में लीवर सामान्य अवस्था में आ जाता है। लीवर ट्रांसप्लांट के लिए अतिरिक्त लीवर की आवश्यकता नहीं होती है।
