पीएम मोदी का देश में कोई विकल्प नहीं है: सीएम योगी

बागपत लोकसभा क्षेत्र के किनौनी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी का देश में कोई विकल्प नहीं है। सर्जिकल और सेटेलाइट स्ट्राइक वही कर सकते हैं। आतंकवाद और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति वाली सरकार चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि उनके सत्ता में आने पर देश की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
केंद्रीय मंत्री और बागपत प्रत्याशी डा. सत्यपाल सिंह के लिए हुई जनसभा में सीएम योगी ने कारगिल शहीद राजेंद्र सिंह व 1857 के वीर धन सिंह कोतवाल को श्रद्धांजलि से भाषण शुरू किया और सीधे सर्जिकल स्ट्राइक पर पहुंच गए। योगी ने कहा कि 26 मई 2014 युग परिवर्तन का दिन था जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश की बागडोर संभाली। इसी के बाद देश में विश्वास का माहौल बना। कांग्रेस की सरकार में निराशा और हताशा थी, ऐसे में पीएम मोदी ने भरोसा जगाया।
उन्होंने कहा कि एक-एक सांसद चुनकर जाएगा तो मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे और भारत को दुनिया की सबसे बड़ी सामरिक और आर्थिक महाशक्ति बनाएंगे। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र किया। कांवड़ यात्रा में डीजे और हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश कराने का श्रेय लेते हुए कहा कि भगवान शिव की यात्रा में घंटा भी बजेगा और डीजे भी।
सभा में बागपत से भाजपा प्रत्याशी डा. सत्यपाल सिंह, क्षेत्रीय विधायक जितेन्द्र सतवाई, एमएलसी वीरेन्द्र गुर्जर, पूर्व एमएलसी जगत सिंह, डा. रवि प्रकाश, संजय त्यागी, देवेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा आदि मौजूद रहे।
अजित और जयंत पर साधा निशाना
सीएम ने कहा कि यह चौधरी चरण सिंह की भूमि है जहां उनके बाद सिर्फ सत्यपाल सिंह ने ही पुलिस कमिश्नर की नौकरी छोड़ राजनीति में आकर किसानों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार आपने सत्यपाल को दो लाख वोटों से जिताया था और चौधरी अजित सिंह को तीसरे नंबर पर पहुंचा दिया था। अबकी बार जयंत चौधरी को तीसरे नंबर पर पहुंचाना है। अजित पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा था थ मिलों के विस्तारीकण की जरूरत नहीं चीनी का पौधा लगा देंगे। हमने रमाला चीनी मिल का विस्तारीकरण कर दिया। योगी ने कहा कि जब तक खेतों में गन्ना है तब तक किसी भी चीनी मिल का धुआं बंद नहीं होगा।
कांग्रेस पर बोला हमला, कहा-घोषणा पत्र ढकोसला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किनौनी जाने के पहले मेरठ के ब्रेवरा होटल में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र ढकोसला है। सीएम ने कहा कि बसपा-सपा का गठबंधन स्वार्थ का गठबंधन है।
सीएम ने कहा कांग्रेस के समय में कॉमनवेल्थ गेम हुए थे, जिसमें 70 हजार करोड़ का घोटाला हुआ, जबकि कुंभ मेले में मात्र 4000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं और इसको वैश्विक बनाया गया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में देश की अर्थव्यवस्था का कोई जिक्र नहीं है। सांसद व मेरठ प्रत्याशी राजेन्द्र अग्रवाल ने गोष्ठी में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अध्यक्षता सीए शिव कुमार गुप्ता और संचालन लोकसभा संयोजक जयकरण गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मंच पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी, आईएमए के अध्यक्ष डा. शिशिर जैन, प्रधानाचार्य प्रेम मेहता, होटल ब्रेवरा के मालिक अशोक भल्ला आदि मौजूद रहे।
