पुजारा को अपना पहला शिकार बनाकर काफी अच्छा महसूस हुआ : रहकीम

किंग्स्टन । वेस्टइंडीज के हरफनमौला गेंदबाज रहकीम कोर्नवाल अपने पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को अपना पहला शिकार बनाकर काफी खुश है। इस 26 वर्षीय गेंदबाज ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पदार्पण किया और पहले दिन 27 ओवर में सिर्फ 69 रन दिए। इस आफ स्पिनर ने अपने तीसरे ही ओवर में ही पुजारा का अहम विकेट ले लिया। कोर्नवाल ने कहा, ‘पहले टेस्ट विकेट के रूप में उन्हें आउट करके अच्छा महसूस हुआ। यह वैसे कोई नई बात नहीं थी, लेकिन फिर भी मुझे अच्छा लगा।' उन्होंने कहा, ‘पदार्पण करना अच्छा अहसास था। मुझे लगता है कि शुरू में गेंद अच्छी होती है। मुझे कड़ी मेहनत करनी होगी और गेंद सही लाइन एवं लेंथ में डालनी होगी।'
